देश की खबरें | आपातकाल की बरसी : कांग्रेस पर हमलावर हुई भाजपा

लखनऊ, 25 जून देश में आपातकाल की 48वीं बरसी पर रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए।

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने वर्ष 1975 में देश में लागू आपातकाल की बरसी पर रविवार को भारत के महान लोकतंत्र को बनाये रखने के लिए इमरजेंसी का पुरजोर विरोध करने वाले सभी लोगों को नमन किया है।

वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता रामगोविंद चौधरी ने आपातकाल को देश पर एक काला धब्बा करार देते हुए कहा कि इस वक्त देश में आपातकाल से भी बदतर स्थिति हो गई है और सभी को एकजुट होकर इस स्थिति से निपटना होगा।

मुख्‍यमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ''भारत के महान लोकतंत्र को अक्षुण्ण रखने के लिए बिना डरे, बिना डिगे, बिना झुके क्रूर तानाशाही का प्रखर प्रतिकार करने वाले समस्त हुतात्माओं को नमन।''

इसी ट्वीट में योगी ने एक तस्वीर साझा की जिसमें 25 जून 1975 'आपातकाल एक कलंक' की इबारत को प्रमुखता से लिखा गया है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आपातकाल की बरसी के मौके पर किए गए एक ट्वीट में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ''कांग्रेस का मतलब आपातकाल, भाजपा का मतलब अमृतकाल! कांग्रेस को तानाशाही में, भाजपा को लोकतंत्रशाही में विश्वास।''

एक अन्य ट्वीट में मौर्य ने कहा, ''कांग्रेस के डीएनए में लोकतंत्र नहीं तानाशाही है! कांग्रेस मुक्त भारत देश और लोकतंत्र के लिए ज़रूरी।''

प्रदेश के दूसरे उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने ट्वीट में कहा ''भारतीय लोकतंत्र और राजनीति के सबसे काले अध्याय 25 जून, 1975 आपातकाल के विरोध में उठी हर आवाज को सादर नमन।''

प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आपातकाल के 48 वर्ष पूरे होने पर 'विरोध दिवस' मनाते हुए लोकतंत्र सेनानियों की बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान आम लोगों की आजादी पर जिस तरह तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने हमला किया और पूरे देश को कारागार में तब्दील कर दिया गया उस वक्त ऐसा बिल्कुल नहीं लग रहा था कि हमारा देश लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के तहत एक स्वतंत्र राष्ट्र है।

उन्होंने आपातकाल का विरोध करने वाले सभी लोगों को नमन करते हुए कहा कि अगले वर्ष भी आपातकाल की बरसी को विरोध दिवस के रूप में मनाया जाएगा।

प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने आपातकाल लगाने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जो लोग लोकतंत्र का पाठ पढ़ा रहे हैं उन्हीं ने आज के दिन लोकतंत्र का गला घोंटा था, इसके विपरीत मौजूदा नरेन्द्र मोदी सरकार का लोकतंत्र में पूरा भरोसा है।

इस बीच, सपा के वरिष्ठ नेता और राज्य विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता रामगोविन्द चौधरी ने बलिया जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में आपातकाल को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।

आपातकाल की बरसी पर लोकतंत्र सेनानियों द्वारा बलिया शहर के शहीद पार्क स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने दिए गए सांकेतिक धरने को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा,‘‘ आपातकाल इस देश पर एक काला धब्बा है। वह एक दौर था। तब लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष किया गया। आज देश की स्थिति उस दौर से भी बदतर हो गई है। सच बोलने की सजा जेल हो गई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)