देश की खबरें | ईडी ने यस बैंक धन शोधन मामले में राजस्थान के कारोबारी रमन कांत शर्मा को तलब किया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली,23 जुलाई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यस बैंक मामले में धन शोधन की अपनी जांच के सिलसिले में राजस्थान के कारोबारी रमन कांत शर्मा को तलब किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मॉरीशस से 96 करोड़ रुपये से अधिक रकम प्राप्त करने से जुड़े विदेशी मुद्रा कानून के कथित उल्लंघन को लेकर केंद्रीय जांच एजेंसी शर्मा की संलिप्तता की पहले से जांच कर रही है। इसी कड़ी में पूछताछ के लिये विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत उन्हें तलब किया गया है।

यह भी पढ़े | महाराष्ट्र: सीएम उद्धव ठाकरे इस साल नहीं मनाएंगे अपना जन्मदिन : 23 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

ईडी फेमा मामले में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत से उनके कथित कारोबार संबंधों की भी जांच कर रही है।

शर्मा पर आरोप है कि अतीत में एक कार रेंटल कंपनी में वैभव उनके कारोबारी साझेदार रहे थे।

यह भी पढ़े | Rajasthan Political Crisis: सीएम अशोक गहलोत बोले, US की जांच एजेंसी से कराएं वॉइस टेस्टिंग.

अधिकारियों ने बताया कि यस बैंक धन शोधन मामले में कारोबारी शर्मा को 27 जुलाई को मुंबई में जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने को कहा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि बैंक ने ट्राइटन होटल एंड रिजॉर्ट को 168 करोड़ रुपये का रिण दिया था, जिसमें शर्मा एक शेयर धारक एवं प्रवर्तक थे।

ईडी यस बैंक मामले में धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज करना चाहती है। साथ ही, यह समझना चाहती है कि इस होटल समूह को बैंक रिण कैसे प्रदान किया गया।

ईडी ने इस मामले में यस बैंक के सह- संस्थापक राणा कपूर को डीएचएफएल के वधावन बंधुओं--कपिल और धीरज वधावन--के साथ गिरफ्तार किया था।

ईडी ने कपूर और उनके परिवार के सदस्यों तथा अन्य पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने बैंक से बड़े रिण दिलाने के एवज में रिश्वत ली। इसके तहत उन्होंने 4,300 करोड़ रुपये का धन शोधन किया। ये रिण बाद में गैर निष्पादित आस्तियों (एपीए) में तब्दील हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)