देश की खबरें | ईडी ने रॉबर्ट वाद्रा से लगातार दूसरे दिन पांच घंटे पूछताछ की, बृहस्पतिवार को फिर तलब किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कारोबारी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाद्रा से 2008 के हरियाणा भूमि सौदे से जुड़े कथित धनशोधन मामले में उनसे लगातार दूसरे दिन करीब पांच घंटे पूछताछ की।
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कारोबारी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाद्रा से 2008 के हरियाणा भूमि सौदे से जुड़े कथित धनशोधन मामले में उनसे लगातार दूसरे दिन करीब पांच घंटे पूछताछ की।
एजेंसी ने उन्हें बृहस्पतिवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।
वाद्रा ने ईडी की कार्रवाई को ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध’’ करार दिया और दावा किया कि देश के लोग अब ‘‘जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं करते हैं।’’
वह पूर्वाह्न करीब 11 बजे ईडी कार्यालय पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी प्रियंका गांधी वाद्रा भी थीं, जो केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद हैं। रॉबर्ट वाद्रा के ईडी कार्यालय के अंदर जाने से पहले दोनों गले मिले।
प्रियंका गांधी इस दौरान एपीजे अब्दुल कलाम रोड स्थित एजेंसी के कार्यालय ‘प्रवर्तन भवन’ के आगंतुक कक्ष में रहीं और दोपहर करीब एक बजकर 10 मिनट पर उनके पति को दोपहर के भोजन अवकाश के लिए घर जाने की अनुमति मिलने पर उनके साथ चली गईं।
वाद्रा (56) दोपहर के भोजन के लिए कुछ देर के लिए घर गए और फिर पूछताछ में शामिल हुए। इसके बाद शाम छह बजे के बाद वह ईडी कार्यालय से बाहर निकले।
उन्हें बृहस्पतिवार को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
सूत्रों ने बताया कि दो दिनों में ईडी कार्यालय में बिताए गए करीब 10 घंटों के दौरान वाद्रा से करीब एक दर्जन सवाल पूछे गए। संघीय जांच एजेंसी द्वारा धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज किया जा रहा है।
वाद्रा ने कहा कि उन्होंने हमेशा जांच एजेंसियों के साथ सहयोग किया है और ढेर सारे दस्तावेज पेश किए हैं। रॉबर्ट वाद्रा ने ‘पीटीआई-’ से बातचीत में दावा किया कि उन्हें गांधी परिवार का हिस्सा होने के कारण जांच एजेंसियों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है और यदि वह भारतीय जनता पार्टी में रहते तो मापदंड अलग होता।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 16, 2025 08:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

