मुंबई, 11 सितंबर मुंबई की एक विशेष अदालत ने केनरा बैंक के साथ 538 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल की हिरासत सोमवार को 14 सितंबर तक बढ़ा दी।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक सितंबर को 74 वर्षीय गोयल को धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया था। उसके पहले यहां ईडी कार्यालय में उनसे लंबी पूछताछ की गयी थी।
गोयल की प्रारंभिक हिरासत अवधि खत्म होने के बाद सोमवार को उन्हें विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। वहां पर वित्तीय जांच एजेंसी ने इस मामले में आगे की जांच के लिए गोयल की हिरासत चार दिनों के लिए बढ़ाने का अनुरोध किया।
ईडी ने अदालत से कहा कि हेराफेरी से जुटाई गई अधिकतम रकम विदेशी खातों में रखी गयी है तथा संयुक्त अरब अमीरात में स्थित एक व्यक्ति उसकी देखभाल करता है।
जांच एजेंसी के अनुरोध पर विशेष न्यायाधीश (पीएमएलए) एम जी देशपांडे ने गोयल की हिरासत 14 सितंबर तक के लिए बढ़ा दी।
धनशोधन का यह मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी पर आधारित है। सीबीआई ने केनरा बैंक के साथ 538 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के सिलसिले में ठप हो चुकी एयरलाइन जेट एयरवेज, गोयल, उनकी पत्नी और एयरलाइन के कुछ पूर्व अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
केनरा बैंक की शिकायत पर यह प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। बैंक ने आरोप लगाया है कि उसने जेट एयरवेज को 848. 86 करोड़ रुपये का कर्ज दिया था जिसमें से 538.62 करोड़ रुपये बकाया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY