देश की खबरें | निवेश पर अधिक रकम लौटाने का वादा कर ठगी करने वाले केरल के कारोबारी को ईडी ने किया गिरफ्तार

नयी दिल्ली, आठ मई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को कहा कि निवेश पर अधिक रकम मिलने का वादा कर करीब 1,000 लोगों से 240 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में केरल के एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है।

धन शोधन अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामलों की सुनवाई करने वाली एक विशेष अदालत से अनुमति मिलने के बाद एजेंसी ने केचेरी इंटरप्राइजेज के मालिक वेणुगोपाल एस. को गिरफ्तार किया।

वह पहले से ही केरल पुलिस की हिरासत में था, जिसने उसके और उसकी कंपनी के खिलाफ जांच शुरू की थी।

एजेंसी ने एक बयान में कहा कि अदालत ने वेणुगोपाल को चार दिनों के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया।

ईडी के अनुसार, वेणुगोपाल ने निवेशकों से एकत्र की गई रकम उन्हें वापस नहीं लौटा कर उनके साथ धोखाधड़ी की।

एजेंसी ने कहा, ‘‘आरोपी 15-18 प्रतिशत की दर से ब्याज के साथ रकम लौटाने का वादा कर आम लोगों से निवेश कराता था और उन्हें आश्वस्त करता था कि केचेरी इंटरप्राइजेज को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से मान्यता प्राप्त है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)