एजेंसी न्यूज

पूर्वी तटीय रेलवे ने लोगों से रेल की पटरियों पर न चलने का अनुरोध किया

एक रेलवे अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए यात्री ट्रेनें निलंबित हैं लेकिन देशभर में आवश्यक सामान की आपूर्ति बनाए रखने के लिए सभी रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ियां और पार्सल एक्सप्रेस ट्रेनें लगातार चल रही हैं।

पूर्वी तटीय रेलवे ने लोगों से रेल की पटरियों पर न चलने का अनुरोध किया
जमात

भुवनेश्वर, 10 मई महाराष्ट्र में रेल की पटरियों पर सो रहे प्रवासी मजदूरों की मालगाड़ी से कटकर मौत होने की घटना के बाद पूर्वी तटीय रेलवे ने लोगों से पटरियों पर चलने से बचने के लिए कहा है क्योंकि लॉकडाउन के दौरान भी कई विशेष ट्रेनें चल रही हैं।

एक रेलवे अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए यात्री ट्रेनें निलंबित हैं लेकिन देशभर में आवश्यक सामान की आपूर्ति बनाए रखने के लिए सभी रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ियां और पार्सल एक्सप्रेस ट्रेनें लगातार चल रही हैं।

उन्होंने बताया कि हाल ही में श्रमिक विशेष ट्रेनें भी शुरू की गई हैं और पूर्वी तटीय रेलवे के क्षेत्र में ऐसी कई ट्रेनें चल रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए पटरियों या रेलवे लाइनों पर चलना अत्यधिक खतरनाक है और इसकी सख्त मनाही है।’’

अधिकारी ने बताया कि पूर्वी तटीय रेलवे पटरियों पर न चलने के लिए लोगों को जागरूक करने के वास्ते हर उपलब्ध माध्यम के जरिए जागरूकता अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि इसके बजाय लोगों को सीमित ऊंचाई वाले सबवे और मानव द्वारा संचालित क्रॉसिंग्स का ही इस्तेमाल करना चाहिए।

लोगों को ऐसा करने से रोकने के लिए ट्रैकमैन, पुल मरम्मत कर्मियों, स्टेशन मास्टरों, आरपीएफ कर्मियों और अन्य रेलवे कर्मियों को चौकन्ना किया गया है।

बयान में कहा गया है कि जागरूकता कार्यक्रमों के बावजूद कई बार ऐसा देखने में आया है कि लोग अपनी जान को खतरे में डालकर रेलवे लाइनें पार करते हैं। इस पर रोक है और ऐसा करने पर रेलवे कानून की धारा 147 के तहत सजा का प्रावधान है।

इसमें बताया गया कि नियम के अनुसार किसी को भी अनधिकृत तरीके से ट्रैक पार करना या उस पर चलना नहीं चाहिए तथा ऐसा करने वाले को कानून के अनुसार सजा दी जाएगी।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में शुक्रवार सुबह रेल की पटरियों पर सो रहे 16 प्रवासी मजदूरों पर मालगाड़ी चढ़ गई जिससे उनकी मौत हो गई।

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में नदी पर बने एक पुल पर रेल की पटरियों पर चल रहे 20 प्रवासी मजदूरों का एक समूह शुक्रवार को बाल-बाल बचा जब एक निरीक्षण वैन उनके सामने आकर रुकी।

ये मजदूर बीरभूम जिले से झारखंड लौट रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2020 11:23 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).