देश की खबरें | विपक्षी एकता के लिए खरगे के साथ काम करने को लेकर उत्सुक : पवार

मुंबई, 19 अक्टूबर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी का नया अध्यक्ष चुने जाने पर मल्लिकार्जुन खरगे को बधाई देते हुए कहा कि वह विपक्षी दलों के बीच एकता बनाने के लिए उनके साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं।

शरद पवार ने ट्वीट किया, ''श्री मल्लिकार्जुन खरगे को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई। मैं उन्हें एक सफल और प्रेरक कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं। विपक्ष को एकजुट और मजबूत करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को लेकर आशान्वित हूं।''

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे (80) बुधवार को आए चुनाव परिणाम में पार्टी के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर (66) को 6,825 मतों के अंतर से पराजित किया। अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान हुआ था।

कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने मल्लिकार्जुन खरगे को निर्वाचित घोषित किया।

उन्होंने बताया कि खरगे को 7,897 वोट मिले तथा थरूर को 1,072 वोट हासिल हुए।

मिस्त्री ने बताया कि चुनाव में 9,385 वोट पड़े थे और इनमें से 416 वोट अवैध करार दिए गए।

गौरतलब है कि पवार और खरगे दोनों ही राज्यसभा के सदस्य हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)