देश की खबरें | शैक्षणिक माहौल में सुधार के लिए डीओई ने स्कूल हितधारकों से सुझाव मांगे

नयी दिल्ली, 23 जनवरी दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय (डीओई) ने शैक्षणिक माहौल में सुधार लाने के लिए शिक्षकों, छात्रों और उनके अभिभावकों सहित स्कूलों के हितधारकों से सुझाव मांगे हैं।

यह कदम एक घटना की पृष्ठभूमि में आया है जिसमें पिछले हफ्ते पश्चिमी दिल्ली के इंद्रपुरी में एक सरकारी स्कूल के अंदर एक छात्र ने 29 वर्षीय शिक्षक को कथित रूप से चाकू मार दिया था।

एक परिपत्र जारी करते हुए डीओई ने कहा, ‘‘हमारे स्कूलों में आम तौर पर सौहार्दपूर्ण माहौल के बावजूद कभी-कभी हिंसा की अजीबोगरीब घटनाएं हमारे छात्रों और शिक्षकों की समग्र सुरक्षा और रक्षा के लिए खतरा पैदा करती हैं। इस संबंध में सभी हितधारकों जिनमें शिक्षक, अभिभावक और छात्र शामिल हैं, के सुझाव को आमंत्रित किया जाता है कि स्कूलों के माहौल को और अधिक खुशनुमा कैसे बनाया जाए ताकि हमारे स्कूल सुरक्षित रहें।’’

डीओई ने सहयोगियों से एक सप्ताह के भीतर एससीएचब्रांच ऐट हॉटमेल डॉट कॉम पर अपने सुझाव मेल करने को कहा है।

इससे पहले दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की, जहां भविष्य में स्कूली शिक्षकों पर इस तरह के हमलों को रोकने के उपायों पर चर्चा की गई।

19 जनवरी को जिस शिक्षक पर हमला हुआ था उनकी पहचान भूदेव के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि वह स्कूल में शारीरिक शिक्षा की कक्षाएं लेते हैं और 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने पूर्व में आरोपी छात्र को स्कूल यूनिफॉर्म ठीक से नहीं पहनने पर डांटा था।

पिछले हफ्ते जब शिक्षक ने इसी मुद्दे पर तीन छात्रों को रोका तो उनमें से एक ने कथित तौर पर चाकू निकाल लिया और उन पर वार कर दिया।

भूदेव हरियाणा के रोहतक के रहने वाले हैं और वह पिछले साल सितंबर में ही स्कूल में नियुक्त हुए थे। पुलिस ने कहा कि उनकी एक बेटी है और उनकी पत्नी गर्भवती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)