देश की खबरें | कांग्रेस विधायकों लोबो, कामत के खिलाफ अयोग्यता याचिकाएं स्वीकृत: विधानसभा अध्यक्ष

पणजी, 12 जुलाई कांग्रेस द्वारा अपने दो विधायकों के खिलाफ दाखिल की गई अयोग्यता याचिकाएं विधानसभा अध्यक्ष द्वारा स्वीकार कर ली गई हैं। गोवा विधानसभा अध्यक्ष रमेश तावड़कर ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

तटीय राज्य में कांग्रेस नेतृत्व ने आरोप लगाया है कि उसके विधायक माइकल लोबो और दिगंबर कामत राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर पार्टी को विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं।

कांग्रेस से घोषणा की थी कि वह लोबो को विपक्ष के नेता पद से हटा रही है। कामत सोमवार रात को आयोजित पार्टी की बैठक में अनुपस्थित रहे थे।

तावड़कर ने राज्य विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे विपक्ष के नेता माइकल लोबो और कांग्रेस विधायक दिगंबर कामत के खिलाफ कांग्रेस पार्टी द्वारा दाखिल की गई दो अयोग्यता याचिकाएं मिली हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की गोवा इकाई के अध्यक्ष अमित पाटकर ने सोमवार को अयोग्यता याचिकाएं दायर की थीं। चूंकि मैं कल उपलब्ध नहीं था, इसलिए मैंने याचिकाकर्ता से आज मुलाकात की। मौजूदा विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद इन याचिकाओं पर विचार किया जाएगा।’’

तावड़कर ने कहा कि अभी लोबो विपक्ष के नेता के पद पर बने हुए हैं क्योंकि कांग्रेस विधायक दल ने उन्हें अभी तक यह नहीं बताया है कि वह इस पद के लिए किसे नामित करना चाहता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)