जरुरी जानकारी | आर्थिक सहयोग को लेकर कार्य योजना पर श्रीलंका से चर्चा

कोलंबो, 23 जून श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त गोपाल वागले ने प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्द्धना के साथ दोनों देशों के बीच सहयोग की प्रस्तावित योजना पर विस्तार से चर्चा की। वागले ने प्रधानमंत्री को दोनों देशों के बीच यात्री उड़ान संपर्क बढ़ाने का भी आश्वासन दिया।

प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, वागले ने पर्यटन में तेजी का जिक्र करते हुए कहा कि भारत दोनों देशों के बीच उड़ानें बढ़ाने के लिए कदम उठाएगा।

वागले ने कहा कि भारतीय विमानन कंपनियां श्रीलंकाई गंतव्य तक उड़ानें संचालित करने की इच्छुक हैं।

बयान के अनुसार, “अलायंस एयर परिचालन बढ़ाना चाहती है और दक्षिण भारतीय गंतव्यों से जाफना तक जाने वाली उड़ानों को विस्तारित कर रथमलाना हवाई अड्डे तक पहुंचाना चाहती है क्योंकि इसे यात्री उड़ानों के लिए शुरू कर दिया गया है।”

भारत और श्रीलंका ने पिछले वर्ष जाफना और चेन्नई के बीच सीधी उड़ानें बहाल की थीं। उस समय अलायंस एयर ने दोनों शहरों के बीच साप्ताहिक रूप से चार उड़ानें शुरू की थीं।

चर्चा के दौरान श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने डिजिटलीकरण, वैकल्पिक ऊर्जा और कृषि जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने का आग्रह किया।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से बातचीत में मदद करने और आर्थिक संकट के दौरान सहयोग करने के लिए भारत का आभार जताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)