देश की खबरें | राजनयिकों, राजनयिक कोर के अन्य सदस्यों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया, विदेश मंत्री भी हुए शामिल

नयी दिल्ली, 21 जून विभिन्न देशों के राजदूतों और राजनयिक कोर के अन्य सदस्यों ने शनिवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ यहां नेहरू पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया।

केंद्रीय मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कार्यक्रम की तस्वीरें भी साझा कीं।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने भी चाणक्यपुरी के विशाल पार्क में आयोजित योग सत्र में भाग लिया। चाणक्यपुरी एक हरा-भरा क्षेत्र है, जहां देश का राजनयिक परिसर स्थित है।

जयशंकर ने लिखा, “आज सुबह दिल्ली के नेहरू पार्क में राजनयिक कोर के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाकर प्रसन्नता हुई। जैसा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा, उस हिसाब से यह सत्र सीमाओं, पृष्ठभूमि, आयु या क्षमता से परे सभी के लिए योग का सच्चा प्रतिबिंब था।’’

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पोस्ट में कहा, “नयी दिल्ली में वैश्विक समुदाय के साथ 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विदेश मंत्रालय की ओर से योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया, जिसमें राजदूत, उच्चायुक्त, राजनयिक कोर के सदस्य और मंत्रालय के अधिकारी शामिल हुए।”

उन्होंने कहा, ‘‘ 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग' के ध्येयवाक्य पर आधारित, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का 11वां संस्करण मानव कल्याण और आसपास की प्रकृति के बीच सामंजस्य पर जोर देता है।’’

ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन भी नेहरू पार्क में आयोजित सत्र में शामिल हुए।

उन्होंने कहा, ‘‘सुबह की शुरुआत भारत के विदेश मंत्रालय के योग दिवस कार्यक्रम में ताजगी और ऊर्जा से भरपूर योग के साथ की, जिसका नेतृत्व कोई और नहीं बल्कि विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस2025 मनाने का यह कितना शानदार तरीका है।’’

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भारतीय उच्चायोग के पोस्ट को फिर से पोस्ट किया, जिसमें कैनबरा में पुराने संसद भवन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह के विवरण और तस्वीरें साझा की गई थीं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जायसवाल ने बाद में एक अन्य पोस्ट में लिखा,‘‘स्वास्थ्य, शांति और सद्भाव के लिए योग। नाथू ला मार्ग से कैलाश मानसरोवर यात्रा करने वाले यात्रियों के पहले जत्थे ने पवित्र यात्रा पर जाते समय तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के बैनंग काउंटी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर योग किया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)