देश की खबरें | धनखड़ ने सदन के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न दलों के सांसदों से मुलाकात की

नयी दिल्ली, 26 जुलाई मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर राज्यसभा में गतिरोध के बीच सभापति जगदीप धनखड़ ने बुधवार को संसद में अपने कक्ष में विभिन्न दलों के सांसदों से बातचीत की और सदन को सुचारू रूप से चलाने में उनका सहयोग मांगा।

उन्होंने सदन के नेता पीयूष गोयल और संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के अलावा राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के जयराम रमेश से मुलाकात की। इन मुलाकातों के दौरान राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश भी धनखड़ के साथ मौजूद थे।

सदन में गतिरोध को दूर करने में मदद करने के लिए यह एक संयुक्त बैठक थी, क्योंकि विपक्ष और सत्तारूढ़ दल दोनों मणिपुर मुद्दे पर अपने रुख पर कायम हैं।

20 जुलाई को संसद का मानसून सत्र शुरू होने के बाद से राज्यसभा और लोकसभा में सामान्य रूप से कामकाज नहीं हो पाया है।

बुधवार को लगातार पांचवां दिन था जब विपक्ष ने मणिपुर की स्थिति को लेकर लोकसभा और राज्यसभा दोनों में हंगामा किया। हंगामे के बीच दोनों सदनों में कुछ विधेयकों को पारित किया गया।

धनखड़ ने बीजद सांसद अमर पटनायक और सस्मित पात्रा, बीआरएस सांसद के केशव राव, शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी और माकपा सांसद जॉन ब्रिटास से अलग-अलग मुलाकात की।

राज्यसभा के सभापति ने मंगलवार को शरद पवार और तिरुचि शिवा सहित राकांपा और द्रमुक के सांसदों तथा आम आदमी पार्टी के सांसदों से मुलाकात की थी।

आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह को 11 अगस्त को समाप्त होने वाले मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया है।

धनखड़ ने इससे पहले उच्च सदन में गतिरोध दूर करने के लिए शुक्रवार को एक बैठक बुलाई थी, जो विभिन्न दलों के सदन के नेताओं के मौजूद नहीं होने के कारण कुछ ही मिनटों में समाप्त हो गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)