देहरादून, 22 मार्च उत्तराखंड में अगले 22 अप्रैल से से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा में पिछली बार से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अधिकारियों को सभी व्यवस्थायें 15 अप्रैल से पहले पूरा करने के लिये कहा है।
मुख्यमंत्री ने यहां कहा कि आगामी चारधाम यात्रा में पिछले वर्ष की अपेक्षा और अधिक श्रद्धालु प्रदेश में आयेंगे, जिसके मद्देनजर सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा किया जाना जरूरी है।
इस संबंध में, उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं को 15 अप्रैल तक पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा मार्ग की सड़कों के सुधार के साथ यात्रियों की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं पर प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाए।
इसके लिए, मुख्यमंत्री ने पर्यटन एवं पुलिस के अधिकारियों को चारधाम यात्रा मार्ग से जुडे़ व्यवसायियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने को कहा है।
कोविड— 19 के कारण दो साल के अंतराल के बाद पिछले साल पूरी तरह से शुरू हुई चारधाम यात्रा में रिकार्ड 47 लाख से ज्यादा श्रद्धालु आए थे और इस बार ये रिकार्ड टूटने की पूरी संभावना है ।
आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि चारधाम यात्रा के पोर्टल पर अभी तक दो लाख से अधिक श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवा चुके हैं जबकि गढवाल मंडल विकास निगम के अतिथि गृहों के लिए भी अब तक पांच करोड रू की बुकिंग मिल चुकी है ।
इस वर्ष की चार धाम यात्रा 22 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व पर गंगोत्री एवं यमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ शुरू हो रही है।
इस बीच, बुधवार को गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाने का मुहूर्त दोपहर 12:35 बजे का निकाला गया ।
चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव में गंगोत्री मंदिर समिति ने यह मुहूर्त निकाला। गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को दोपहर 12:35 पर खुलेंगे ।
यमुनोत्री धाम के कपाट भी 22 अप्रैल को ही खुलेंगे लेकिन मंदिर खुलने का मुहूर्त यमुना जंयती के पर्व पर निकाला जाएगा। बदरीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल प्रात: 07:10 पर तथा केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को प्रात: 06:20 पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुलेंगे।
दीप्ति
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY