देश की खबरें | समाज के सभी वर्गों का विकास ही वास्तविक विकास : नवीन पटनायक

भुवनेश्वर, 15 अगस्त ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को राज्य के नागरिकों से समाज के सभी वर्गों के समावेशी विकास के लिए सरकार के प्रयासों में सहयोग और समर्थन देने का आह्वान किया। पटनायक ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यहां प्रदर्शनी मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद जनता को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि राज्य अब गरीबों, किसानों, महिलाओं, आदिवासियों, कलाकारों और युवाओं जैसे सभी वर्गों को साथ लेकर प्रगति की ओर बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने संबोधन में कहा, '' समाज के सभी वर्गों का विकास ही वास्तविक विकास है।''

उन्होंने कहा कि ओडिशा, परिवर्तन युग में पहुंच गया है और 5T पहल लागू किए जाने के कारण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और अन्य क्षेत्रों में बड़े सकारात्मक बदलाव सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में राज्य के परिवर्तनकारी उपायों ने गरीब, मध्यम वर्ग और अमीर सहित सभी को लाभ पहुंचाया है।

राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होने और गरीबी में गिरावट दर्ज किए जाने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लाखों रुपये का निवेश आ रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।

पटनायक ने कहा कि राज्य की 4,373 बैंक रहित पंचायतों में सरकार ने बैंकिंग सेवा केंद्र खोलने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अब ओडिशा के हर ग्राम पंचायत में रहने वाले व्यक्ति की बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच होगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और शारीरिक रूप से अक्षम व्यक्ति इस पहल के प्रमुख लाभार्थी होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)