देश की खबरें | स्वतंत्र भारत के वांछित लक्ष्य अभी तक हासिल नहीं हुए : चंद्रशेखर राव

हैदराबाद, 15 अगस्त तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने मंगलवार को कहा कि आज़ादी के बाद देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है लेकिन अभी तक वांछित लक्ष्य प्राप्त नहीं हुए हैं।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक गोलकुंडा किले में राष्ट्रध्वज फहराने के बाद अपने भाषण में दावा किया कि शासकों की अक्षमता और वैचारिक दिवालियेपन के कारण संसाधनों का उचित इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है, जबकि देश में प्रचुर मात्रा में प्राकृतिक संसाधन और कठिन परिश्रम करने वाले लोग हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘संसाधन होने के बावजूद लोग अनावश्यक रूप से परेशानियों से जूझ रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और पिछड़े वर्गों की गरीबी अभी तक दूर नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि आजादी पूरी तरह से तभी साकार हो सकेगी जब संसाधनों का पूरा उपयोग हो तथा विकास का लाभ समाज के सभी तबकों तक पहुंचे।

राव ने आरोप लगाया कि अविभाजित आंध्र प्रदेश में तेलंगाना के सभी क्षेत्रों को भारी नुकसान हुआ और तेलंगाना को भेदभाव और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा क्योंकि क्षेत्र के नेतृत्व ने "अविभाजित राज्य के नेताओं" का समर्थन किया और चुप्पी साधे रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले तेलंगाना खराब फसलों, सूखे एवं चौतरफा निराशा से परेशान था।

उन्होंने कहा कि उस कठिन परिस्थितियों में सत्ता संभालने वाली बीआरएस सरकार ने "तेलंगाना के पुनर्निर्माण" का जिम्मा पवित्र कर्तव्य के रूप में लिया। उन्होंने कहा कि तब से राज्य ने तेजी से प्रगति की है और सरकार ने कई क्षेत्रों में राज्य को देश में शीर्ष स्थान पर रखा है।

राव ने कहा कि प्रति व्यक्ति आय और प्रति व्यक्ति बिजली खपत के मामले में तेलंगाना अब देश में पहले नंबर पर है तथा तेलंगाना की प्रति व्यक्ति आय 3,12,398 रुपये है।

उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि साढ़े नौ साल के दौरान दो चरणों में 37,000 करोड़ रुपये का कृषि ऋण माफ किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि धान का उत्पादन तीन करोड़ टन तक पहुंचा कर तेलंगाना गौरव हासिल कर रहा है लेकिन कुछ लोग किसानों के कल्याण की गलत व्याख्या कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)