ताजा खबरें | जबरन धर्मांतरण पर रोक के लिए देशव्यापी कानून की राज्यसभा में हुई मांग

नयी दिल्ली, 19 दिसंबर राज्यसभा में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सदस्य ने देश में जबरन धर्मांतरण की घटनाओं को रोकने के लिए देशव्यापी कानून बनाए जाने की मांग की।

भाजपा सदस्य नरेश बंसल ने उच्च सदन में कहा कि देश में जबरन धर्मांतरण को रोकने के लिए कोई कानून नहीं है और लालच, धमकी सहित अन्य प्रकार से होने वाले धर्मांतरण की घटनाओं पर काबू नहीं पाया गया तो देश के लिए गंभीर खतरा हो सकता है।

आदिवासी बहुल इलाकों में ऐसी घटनाएं ज्यादा होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि जबरन धर्मांतरण होने पर देश में हिंदू अल्पसंख्यक बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में इस पर नियंत्रण के लिए कानून हैं।

बंसल ने विशेष उल्लेख के जरिए यह मुद्दा उठाते हुए सरकार से मांग की कि इस संबंध में भारत में भी एक देशव्यापी कानून बनाया जाना चाहिए।

विशेष उल्लेख के जरिए ही भाजपा के सुशील कुमार मोदी ने भारत में सभी धर्मांवलियों की महिलाओं के लिए शादी की उम्र एकसमान किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न धर्मों में महिलाओं के लिए शादी की न्यूनतम उम्र 18 साल और पुरुषों के लिए 21 साल निर्धारित है। लेकिन मुस्लिम धर्म में अलग व्यवस्था है।

सुशील मोदी ने मांग की कि देश में सबके लिए एक ही व्यवस्था हो और इसके उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाए।

भाजपा के ही विवेक ठाकुर ने अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का जिक्र किया और मांग की कि देश के सभी राज्यों से एक ट्रेन अयोध्या के लिए चलाई जानी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में आसानी हो सके। उन्होंने अयोध्या स्टेशन को विकसित किए जाने की भी मांग की।

विशेष उल्लेख के जरिए ही आम आदमी पार्टी (आप) के संत बलवीर सिंह ने प्रदूषण से पैदा होने वाले खतरों का मुद्दा उठाया वहीं भाजपा के अजय प्रताप सिंह ने दूध एवं सब्जियों का उत्पादन बढा़ने के लिए दवाइयों एव ‘हार्मोंन’ के इस्तेमाल पर चिंता जताई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)