देश की खबरें | दिल्ली जल संकट: उपराज्यपाल सक्सेना से मुलाकात करेंगे आप नेता

नयी दिल्ली, 22 जून आम आदमी पार्टी (आप) का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में गहराते जल संकट का समाधान ढूंढने के लिए रविवार को यहां उपराज्यपाल वी के सक्सेना से मुलाकात करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में आप के सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

आप के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता ने शनिवार को सक्सेना को लिखे पत्र में कहा कि उनकी पार्टी के सभी सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता जल मुद्दे को लेकर पूर्वाह्न 11 बजे उनसे मुलाकात करेंगे।

गुप्ता ने अपने पत्र में कहा, ‘‘चूंकि दिल्ली में पानी का गंभीर संकट है और दिल्ली के लोगों को उनके हक का पानी मिलना चाहिए। इसलिए हम इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए आपसे मिलने आ रहे हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि कल हम सब मिल-बैठकर इस समस्या का समाधान निकाल लेंगे।’’

आप नेता ने पिछले कई हफ्तों से दिल्ली में जारी जल संकट के लिए हरियाणा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, "यह जल संकट हरियाणा सरकार द्वारा दिल्ली को पूरा पानी न दिए जाने के कारण बढ़ा है। ऊपर से भीषण गर्मी ने दिल्ली में पानी की मांग को और बढ़ा दिया है। ऐसे में जल संकट और गहरा गया है।"

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में रोजाना करीब 1005 मिलियन गैलन (एमजीडी) पानी की आपूर्ति होती है। उन्होंने कहा कि 1005 एमजीडी पानी में से दिल्ली को हरियाणा से 613 एमजीडी पानी मिलना चाहिए, लेकिन उसे हरियाणा से 513 एमजीडी से भी कम पानी मिल रहा है।

आप नेता ने कहा कि हरियाणा से दिल्ली को हर दिन 100 एमजीडी कम पानी मिल रहा है और इसके कारण दिल्ली के 28 लाख से अधिक लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने पानी के लिए केंद्र और हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की सरकारों से बात की है। आप नेता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पानी देने के लिए तैयार है, लेकिन वह पानी हरियाणा के रास्ते दिल्ली आना है। उन्होंने अपने पत्र में दावा किया कि हरियाणा सरकार ने इसके लिए इनकार कर दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)