देश की खबरें | दिल्ली विश्वविद्यालय हिंसा प्रभावित मणिपुर के विद्यार्थियों को हरसंभव मदद देने को तैयार: कुलपति

नयी दिल्ली, 26 जुलाई दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कुलपति योगेश सिंह ने बुधवार को कहा कि विश्वविद्यालय जातीय संघर्ष से प्रभावित मणिपुर के अपने विद्यार्थियों को हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।

मणिपुर में हिंसा प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय की योजना के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि संकट में पड़ा कोई भी विद्यार्थी विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क कर सकता है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय जरूरत पड़ने पर उनके लिए अलग से कुछ प्रावधान करने का प्रयास करेगा।

सिंह ने कहा, ‘‘पूरा देश मणिपुर की समस्याओं को समझता है। दिल्ली विश्वविद्यालय ऐसे सभी पीड़ित विद्यार्थियों को हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।’’

वहीं मणिपुर में हुई हिंसा के कारण विस्थापित हुए और बीते दो महीने के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में आए विद्यार्थियों ने उनके लिए विद्यालयों में दाखिले की प्रक्रिया को आसान करने के दिल्ली सरकार के फैसले का स्वागत किया।

शिक्षा विभाग ने विशेष उपायों की घोषणा की है जिसके बाद संघर्षग्रस्त पूर्वोत्तर राज्य के विद्यार्थी अब दिल्ली के विद्यालयों में प्रवेश ले सकते हैं।

दिल्ली में कुकी छात्र संगठन की एक सदस्य ने कहा कि पीड़ितों के लिए प्रवेश मानदंड में ढील देने के सरकार के फैसले से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत मिली है।

उन्होंने ‘पीटीआई-’ से कहा, “पिछले दो महीनों से, मणिपुर के छात्र यहां के सरकारी विद्यालयों में प्रवेश के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आधा साल बीत गया है और फीस अपेक्षाकृत कम होगी और इससे छात्रों को मदद मिलेगी।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)