नयी दिल्ली, 28 जनवरी उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में चार मंजिला इमारत ढहने से दो लड़कियों की मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ‘ऑस्कर पब्लिक स्कूल’ के पास नवनिर्मित इमारत सोमवार शाम को ढह गई थी। अब तक, 12 लोगों को बचाया जा चुका है।
मृतकों की पहचान साधना (17) और राधिका (7) के रुप में हुई।
उन्होंने बताया कि बचाव अभियान जारी है और मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका है।
सोमवार की रात को दिल्ली पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया कि पुलिस को इमारत ढहने की सूचना लगभग शाम सात बजे मिली।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बचान अभियान शुरू किया गया।
अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है। पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल समेत कई एजेंसियों के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की है औऱ आसपास के लोगों से पूछताछ कर पता कर रही है कि इमारत के भीतर कितने लोग अभी भी फंसे हुए है।
उन्होंने कहा, ''हमने मामले की जांच शुरू कर दी है और कई टीमें गठित की गई हैं। इमारत के मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है।"
घटना के तुरंत बाद ही दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, "बुराड़ी में इमारत ढहने की यह घटना बेहद दुखद है। मैंने त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन से बात की है। प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी।"
पूर्व मुख्यमंत्री और आप अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि स्थानीय पार्टी विधायक को राहत एवं बचाव कार्य में सहायता करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा, "यह घटना बहुत दुखद है। बुराड़ी से हमारे विधायक संजीव झा को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वहां जाएं और बचाव कार्य में प्रशासन की मदद करें। साथ ही स्थानीय लोगों की हरसंभव मदद करें।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY