नयी दिल्ली, आठ जून उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में नौ वर्षीय एक बच्ची का शव पड़ोसी के घर सूटकेस में पाया गया, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया तथा यौन उत्पीड़न एवं हत्या का आरोप लगाया है।
लड़की का शव शनिवार शाम को मिला। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रविवार को इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि ऐसा लगता है कि अपराधी बच्ची को सूटकेस में डालने के बाद फरार हो गया। वहीं, दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यौन उत्पीड़न समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम मौत के कारण की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस के दल गठित किये गए हैं। हम इस मामले की अत्यंत गंभीरता से जांच कर रहे हैं।’’
नेहरू विहार निवासी बच्ची के परिवार ने बताया कि वह शाम करीब सात बजे पास में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार को बर्फ देने गई थी।
जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटी तो उसके माता-पिता ने उसकी तलाश शुरू की।
बच्ची के पिता के अनुसार, उन्होंने कई रिश्तेदारों और पड़ोसियों से संपर्क किया, लेकिन रिश्तेदार के घर जाने के बाद से किसी ने उसे नहीं देखा।
बच्ची के पिता ने कहा, ‘‘वह केवल बर्फ देने गई थी, जिस रिश्तेदार के घर वह बर्फ देने गई थी उन्होंने बताया कि वह वहां लगभग पांच मिनट रुकी और चली गई, लेकिन वह घर वापस नहीं आई। हमने हर जगह ढूंढा। अंत में किसी ने बताया कि वह पास के एक घर में गई थी, जहां हमें सूटकेस में उसका शव मिला।’’
बच्ची के पिता ने बताया कि जब वह इस पड़ोसी के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था। कुछ गड़बड़ होने का संदेह होने पर उन्होंने ताला तोड़ दिया और कमरे में दाखिल हुए।
उन्होंने बताया, ‘‘उन्होंने अपनी बेटी को खून से सने सूटकेस के अंदर पाया। तुरंत वह उसे नजदीकी क्लिनिक लेकर गए, लेकिन वहां के चिकित्सक ने उसे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद वह अपनी बेटी को शास्त्री पार्क स्थित जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में रात करीब आठ बजकर 40 मिनट पर दयालपुर पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की एक टीम नेहरू विहार की गली नंबर दो भेजी गई, जहां उन्हें पता चला कि बच्ची को उसके पिता जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल ले गए हैं।
अस्पताल अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि लड़की को मृत घोषित कर दिया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया चिकित्सकों ने बच्ची के चेहरे पर चोटें देखीं और यौन उत्पीड़न की आशंका जताई है।’’
घटना के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करने और साक्ष्य एकत्र करने के लिए क्राइम सीन और फॉरेंसिक साइंसेज लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीमों को बुलाया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
दयालपुर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ-साथ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धारा छह के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने कहा, "सुराग जुटाने और आरोपियों का पता लगाने के लिए कई टीमें तैनात की गई हैं। जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।"
इस घटना के कारण आस-पास के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। बच्ची की मौत की खबर फैलते ही उसके रिश्तेदारों समेत सैकड़ों लोगों ने पास की सड़क को जाम कर दिया और न्याय की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की, लापरवाही का आरोप लगाया और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
इलाके में व्याप्त तनाव को देखते हुए कई दुकानदारों ने अपने दुकान बंद कर दीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मियों के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती भी की गई।
स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नेहरू विहार और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बाद में एहतियात के तौर पर अर्धसैनिक बलों को भी बुलाया गया।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझाने-बुझाने तथा परिवार को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोगों के धरने पर बैठने के कारण दयालपुर इलाके में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ, यात्री घंटों तक फंसे रहे। वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ा और सड़क जाम रहने के कारण कई आपातकालीन सेवाओं में भी देरी हुई।
पीड़िता की मां बेहद दुखी और गहरे सदमे में है।
एक पड़ोसी ने बताया, "वह रो रही थी और चिल्ला रही थी 'मेरी बेटी को वापस लाओ'।"
पीड़िता के पिता ने कहा कि वह बहुत दुखी हैं। उन्होंने कहा, "हमें घटना के बारे में बहुत देर से पता चला। पुलिस रात करीब एक बजे आई और घर से सबूत एकत्र किए। लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहा है। जब तक उसे सजा नहीं मिल जाती, मैं चैन से नहीं बैठूंगा।"
स्थानीय निवासी इमरान खान ने कहा कि पुलिस को आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए।
उन्होंने कहा, "हम आरोपी के लिए मृत्युदंड चाहते हैं। यह शर्मनाक कृत्य है। आरोपी को मृत्युदंड मिलना चाहिए।"
एक अन्य स्थानीय निवासी सलमान ने आरोपी के पुलिस एनकाउंटर की मांग की।
उन्होंने कहा, "ईद के दिन एक छोटी बच्ची के साथ ऐसी दुखद घटना हुई। हम आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हैं।"
रविवार को शाम चार बजे पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
पीड़िता के घर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ में शामिल लोग पीड़िता के परिवार के सदस्यों के साथ रोते हुए भी नजर आए।
वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने इस मामले को लेकर दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना की।
पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
हालांकि, भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था को भाजपा ने खराब कर दिया है।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, “दिल्ली में 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की इस घटना ने सबको झकझोर दिया है। दिल्ली की कानून व्यवस्था को भाजपा ने बिगाड़कर रख दिया है, भाजपा की चार इंजन वाली सरकार में भी हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। गृह मंत्री अमित शाह और उनकी चार इंजन वाली सरकार को जवाब देना ही होगा। दिल्ली की बेटियों को जवाब भी चाहिए और न्याय भी।
इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘दिल्ली में नौ साल की बच्ची के दुष्कर्म और हत्या के लिए कौन जिम्मेदार है? बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए कौन जिम्मेदार है?’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चार इंजन वाली भाजपा सरकार के बावजूद ‘‘हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कहां हैं? केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कहां हैं?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY