देश की खबरें | दिल्ली: रोहिणी में पार्क में भरे पानी में डूब जाने से सात वर्षीय बच्चे की मौत

नयी दिल्ली, 11 अगस्त राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी के सेक्टर 20 स्थित एक पार्क में भरे पानी में डूब जाने से सात वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम को उस समय हुई जब बच्चा पार्क में खेल रहा था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे अमन विहार पुलिस थाने में रोहिणी सेक्टर 20 स्थित एक पार्क में एक बच्चे के डूब जाने की घटना की सूचना पीसीआर कॉल पर मिली।"

अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और उसे बताया गया कि बच्चे को अस्पताल ले जाया गया है, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पार्क में बारिश के कारण पानी भर गया था जिसमें डूब जाने से बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर ली गई है।

अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटना का वास्तविक कारण पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)