देश की खबरें | दिल्ली: 15 मार्च तक सड़क दुर्घटनाओं में 4.6 प्रतिशत की कमी, मौतों में 16 प्रतिशत की गिरावट

नयी दिल्ली, 24 मार्च दिल्ली में इस वर्ष 15 मार्च तक की गयी दर्ज सड़क दुर्घटनाओं में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 4.6 प्रतिशत की कमी आयी है जबकि मौतों में 16 प्रतिशत की गिरावट आई है। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई।

आंकड़ों से पता चला कि 2025 में 15 मार्च तक कुल 1,094 सड़क दुर्घटनाएं हुईं जबकि 2024 में इसी अवधि में 1,147 दुर्घटनाएं हुई थी।

आंकड़ों के मुताबिक, घातक दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी देखी गई, जो 2024 में 320 थी लेकिन 2025 में यह 263 रह गई। इसमें 18 प्रतिशत की गिरावट आयी।

आंकड़ों में सामने आया कि सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या भी पिछले वर्ष 15 मार्च तक 324 थी । इस साल 15 मार्च तक 271 लोगों की सड़क हादसों में जान गयी । यानी सड़क हादसों में जान गंवाने वालों में 16 प्रतिशत की कमी आयी।

इस बीच, घायल व्यक्तियों की संख्या में दो प्रतिशत की मामूली गिरावट दर्ज की गई।

आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में 15 मार्च तक 1,032 मामले दर्ज किए गए थे जबकि इसी अवधि में 2024 में 1,049 मामले दर्ज किए गए हैं।

हालांकि, साधारण दुर्घटनाओं के मामलों में मामूली वृद्धि देखी गयी।

आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वर्ष 800 साधारण दुर्घटनाएं हुईं थीं जबकि इस वर्ष यह बढ़कर 815 हो गईं, जो 1.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कुल दुर्घटनाओं और मौतों में गिरावट का श्रेय प्रवर्तन उपायों एवं जागरूकता अभियानों में वृद्धि को दिया।

उन्होंने हालांकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर सतर्कता की आवश्यकता पर जोर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)