देश की खबरें | दिल्ली पुलिस ने 2.90 करोड़ रुपये के सोने का गबन करने के आरोपी को बंगाल से गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 29 जनवरी दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल के नादिया से कथित तौर पर 2.90 करोड़ रुपये के सोने की हेराफेरी के मामले में वांछित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कृष्णू गोस्वामी (45) एक भगोड़ा है और उसे दिल्ली से 1,500 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पकड़ा गया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोस्वामी सोने के शोरूम का स्टोर मैनेजर था, और उसने 2023 में कथित तौर पर 4,732.54 ग्राम सोने का गबन किया था।

दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा, "शोरूम के मालिक राज कुमार की शिकायत के बाद सीआर पार्क पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गोस्वामी को मई 2024 में स्थानीय अदालत ने भगोड़ा घोषित किया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए 50,000 रुपये के इनाम का ऐलान किया गया था।"

पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई थी। पुलिस ने बताया कि गोस्वामी पर नजर रखी गई और एक गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने उसे नादिया में उसके पैतृक स्थान से 27 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गोस्वामी ने शोरूम का प्रबंधन करते हुए सोने का गबन करने की बात स्वीकार की। वह बार-बार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। आगे की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)