देश की खबरें | दिल्ली पुलिस ने नीरज बवाना गिरोह से जुड़े एक व्यक्ति को मकोका के तहत गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, नौ दिसंबर दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार किया गया व्यक्ति एक ऐसे गिरोह का हिस्सा है, जिसका कुख्यात नीरज बवाना गिरोह से गहरा संबंध है।

अधिकारियों के मुताबिक रोहित (34) को शुक्रवार को पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर से गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से अर्ध-स्वचालित .32 बोर की एक पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक रोहित सलमान त्यागी-सद्दाम गौरी गिरोह का अहम सदस्य है, जिसका जेल में बंद गैंगस्टर नीरज बवाना से करीबी रिश्ता है।

पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि सलमान और सद्दाम भी फिलहाल जेल में बंद हैं।

पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि सलमान त्यागी-सद्दाम गौरी गिरोह के खिलाफ मकोका अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह गिरोह 2019 में पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर में डकैती और जबरन वसूली के मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि रोहित गिरोह की गतिविधियों को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा था।

उन्होंने कहा कि 18 नवंबर, 2023 को तीस हजारी अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया था। पूछताछ में रोहित ने पुलिस को बताया कि उसका गिरोह दिल्ली के कंझावला में डकैती डालने की योजना बना रहा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)