देश की खबरें | दिल्ली: अपहरण मामले की जांच से मादक पदार्थ गिरोह का हुआ पर्दाफाश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में दो भाइयों के कथित अपहरण के मामले की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थ के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उक्त दोनों भाइयों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, एक दिसंबर राष्ट्रीय राजधानी में दो भाइयों के कथित अपहरण के मामले की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थ के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उक्त दोनों भाइयों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के पास से 52 किलोग्राम गांजा भी बरामद किया गया है।
दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी निवासी अटोका ने नेब सराय पुलिस थाने में 29 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके छोटे भाइयों विविका येप्थो (21) और बुविटो के अये (19) का नगालैंड से दिल्ली आने के बाद अपहरण कर लिया गया था।
दक्षिणी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने एक बयान में कहा, ‘‘अटोका ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने दोनों भाइयों को छोड़ने के लिए 22 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।’’
चौहान ने बताया कि एक पुलिस अधिकारी ने बाइक-टैक्सी चालक का वेश धारण कर अटोका को राजपुर खुर्द में उस स्थान पर पहुंचाया जहां अपहरणकर्ताओं ने उसे बुलाया था। इसके साथ ही, एक टीम ने उस स्थान पर छापेमारी कर येप्थो और अये को बचा लिया। टीम ने वहां से तीन संदिग्धों अभिषेक कुमार, अमित पाठक और करण कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि परिसर की तलाशी लेने पर वहां से तीन किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिससे इस अपराध में साठगांठ का शक हुआ। संदिग्धों से पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि तथाकथित पीड़ित विविका और बुविटो अपने बड़े भाई हितोका अयेमी के साथ मिलकर मादक पदार्थ की तस्करी करने में सक्रिय रूप से शामिल थे।’’
अधिकारी ने बताया कि दोनों भाइयों ने असम के गुवाहाटी से गांजा खरीदा था और तस्करी करने के लिए इसे दिल्ली लाया गया था। पुलिस ने येप्थो और अये को हिरासत में ले लिया, जबकि अयेमी को दक्षिण दिल्ली स्थित आश्रम स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि परिसर की तलाशी लेने पर वहां से तीन ट्रॉली बैग में छिपाकर रखा गया 49 किलोग्राम अतिरिक्त गांजा बरामद हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 02, 2024 01:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

