देश की खबरें | दिल्ली उच्च न्यायालय ने रामलीला मैदान में जनसभा आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार किया

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर दिल्ली उच्च न्यायालय ने 29 अक्टूबर को रामलीला मैदान में 10 हजार लोगों की सभा करने के लिए एक संगठन को दी गई अनुमति रद्द करने संबंधी पुलिस के आदेश में हस्तक्षेप करने से बुधवार को इनकार कर दिया।

अदालत ने कहा कि पोस्टर से संकेत मिलता है कि कार्यक्रम सांप्रदायिक रंग ले सकता है, जिससे पुरानी दिल्ली इलाके में तनाव पैदा होने की आशंका है।

हालांकि, उच्च न्यायालय ने कहा कि त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद, याचिकाकर्ता संगठन वक्ताओं की एक सूची देकर नई अनुमति मांग सकता है, हालांकि उसे यह आश्वासन देना होगा कि कार्यक्रम के परिणामस्वरूप क्षेत्र में तनाव पैदा नहीं होगा।

अदालत ने कहा कि आवेदन प्राप्त होने पर अधिकारी उसके आधारों पर विचार कर सकते हैं।

न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद ने कहा, “16 अक्टूबर को लिखे पत्र में प्रतिवादी संख्या 2 (दिल्ली पुलिस) ने कार्यक्रम के लिए प्रदान किया गया अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) वापस ले लिया...इसमें हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है।”

उच्च न्यायालय ने यह आदेश ‘मिशन सेव कॉन्स्टिट्यूशन’ द्वारा दायर एक याचिका पर सुनाया। यह संगठन लोगों के संवैधानिक अधिकारों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए उनके बीच काम करने का दावा करता है।

याचिकाकर्ता ने कहा कि दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ कई बैठकों और कई मंजूरी लेने के बाद 29 अक्टूबर को जनसभा आयोजित करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन बाद में, मध्य दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने "एकतरफा, मनमाने तरीके से" कार्यक्रम को "सांप्रदायिक" बताते हुए अनुमति रद्द कर दी।

याचिकाकर्ता संगठन अल्पसंख्यकों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सभी कमजोर वर्गों को मजबूत करने के इरादे से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करना चाहता है।

संगठन का कहना है कि सभाओं/पंचायतों में सभी उत्पीड़ितों की आवाज उठाई जाएगी और इनकी शुरुआत 29 अक्टूबर से होनी है।

उच्च न्यायालय ने याचिका का निपटारा करते हुए कहा कि पूरे देश में 15 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक नवरात्रि मनाई गई और 12 नवंबर को दिवाली मनाई जानी है।

अदालत ने कहा कि दिवाली और नवरात्रि के बीच, करवा चौथ और धनतेरस जैसे कई त्योहार आते हैं और श्राद्ध के अंत से दिवाली तक की अवधि हिंदू समुदाय के लिए शुभ मानी जाती है।

अदालत ने कहा, "यद्यपि यह कार्यक्रम लोगों को उनके अधिकारों के बारे में जागरुक करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाना है, लेकिन दिल्ली पुलिस के वकील द्वारा पेश किए गए पोस्टरों के भाव से संकेत मिलता है कि कार्यक्रम सांप्रदायिक रूप ले सकता है, जिसके परिणामस्वरूप पुरानी दिल्ली इलाके में तनाव बढ़ सकता है। यह एक संवेदनशील क्षेत्र है क्योंकि यहां विभिन्न धर्मों के लोग रहते हैं ।”

इससे पहले, पुलिस ने अदालत को बताया था कि संगठन ने रामलीला मैदान में सभा आयोजित करने की अनुमति के लिए आवेदन करते समय अधिकारियों को गुमराह किया था।

पुलिस ने कहा था कि शुरुआत में अनुमति दी गई थी, लेकिन बाद में इलाके के लोगों से यह शिकायतें मिलने पर इसे रद्द कर दिया गया कि प्रस्तावित कार्यक्रम "सांप्रदायिक" रूप ले सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)