देश की खबरें | दिल्ली : रेगुलेटर को क्षति के कारण आईटीओ में बाढ़, तीन-चार घंटे में होगा ठीक : केजरीवाल

नयी दिल्ली, 14 जुलाई दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि यमुना नदी के तेज बहाव के कारण इंद्रप्रस्थ पर जल रेगुलेटर (गति व्यवस्थापक) को क्षति पहुंची है तथा इसकी अगले तीन-चार घंटों में मरम्मत होने की संभावना है।

रेगुलेटर को नुकसान पहुंचने के कारण शहर में पानी घुसने लगा और आईटीओ तथा राजघाट के आसपास कई इलाके जलमग्न हो गए हैं।

दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना और केजरीवाल ने क्षतिग्रस्त रेगुलेटर की मरम्मत के काम का जायजा लिया।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘यमुना के तेज बहाव के कारण रेगुलेटर को क्षति पहुंची और पानी शहर में घुसने लगा। कर्मचारी गत रात से मरम्मत कर रहे हैं और इसके तीन-चार घंटों में ठीक होने की संभावना है।’’ उन्होंने कहा कि यमुना नदी का जल स्तर घटना शुरू हो गया है और लोगों को जल्द ही राहत मिल सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजघाट में एक नाले से पानी के विपरीत दिशा से अवांछित प्रवाह के कारण इलाके में बाढ़ आ गयी है।

इंद्रप्रस्थ में दिल्ली सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के रेगुलेटर को बृहस्पतिवार शाम को नुकसान पहुंचने के कारण उफान पर बह रही यमुना नदी का पानी शुक्रवार को मध्य दिल्ली में उच्चतम न्यायालय के प्रवेश द्वार तक पहुंच गया है।

केजरीवाल और राजस्व मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव को रेगुलेटर को नुकसान पहुंचने के कारण दिल्ली में बाढ़ आने के खतरे को देखते हुए अधिकारियों को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा सेना से मदद मांगने के निर्देश दिए हैं।

केजरीवाल ने कहा कि सेना तथा एनडीआरएफ की मदद लेने से मरम्मत के काम में तेजी आएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)