नयी दिल्ली, दो मई दिल्ली अग्निशमन सेवा में व्यापक ऑडिट और सुधार के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रस्ताव का उद्देश्य आग की आपात स्थितियों और कर्मियों की तैनाती की आवश्यकता वाली अन्य स्थितियों से निपटने में प्रतिक्रिया समय व दक्षता में सुधार करना है।
राज निवास के अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने ऑडिट और सुधार के लिए अग्निशमन सेवा, अग्निशमन सेवा महानिदेशालय, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा, भारत सरकार और राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (एनसीजीजी) को शामिल करते हुए एक त्रिपक्षीय समझौते को मंजूरी दी है।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दिल्ली अग्निशमन सेवाओं के त्वरित प्रतिक्रिया समय में सुधार और आग की आपात स्थितियों और संबंधित समस्याओं से निपटने में एजेंसी की दक्षता को बढ़ाना है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली सरकार के गृह विभाग के एक प्रस्ताव में अग्निशमन सेवा की सेवा वितरण और सार्वजनिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एजेंसी के संपूर्ण पुनर्गठन की मांग की गई थी।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष एनसीजीजी और केंद्र की अग्निशमन सेवाओं के महानिदेशकों के साथ इस प्रस्ताव पर चर्चा की गई थी।
राज निवास के एक अधिकारी ने बताया, “दोनों शीर्ष अधिकारियों ने दिल्ली अग्निशमन सेवाओं के साथ मिलकर एजेंसी के मौजूदा संचालन का व्यापक मूल्यांकन करने और अभियान, वित्तीय, संस्थागत और विधायी आयामों में सुधार की सिफारिश करने में रुचि व्यक्त की।”
इस पहल से जुड़े तीन संगठन जल्द ही एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY