देश की खबरें | दिल्ली आबकारी नीति : अदालत ने पंजाब के कारोबारी को सात दिन की ईडी की हिरासत में भेजा

नयी दिल्ली, आठ फरवरी दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन के मामले में गिरफ्तार पंजाब के कारोबारी गौतम मल्होत्रा को बुधवार को सात दिनों के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया।

गौतम मल्होत्रा पंजाब के बड़े शराब कारोबारी दीप मल्होत्रा के बेटा हैं और ईडी ने उन्हें कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में गिरफ्तार किया है।

विशेष न्यायाधीश एम. के. नागपाल ने केन्द्रीय एजेंसी के अनुरोध पर मल्होत्रा को ‘‘विस्तृत और गहन पूछताछ’’ के लिए ईडी की हिरासत में भेजा। ईडी ने अदालत से अनुरोध किया था कि उसे मामले से जुड़ी बड़ी साजिश और धन के लेन-देन का पता लगाने के लिए मल्होत्रा से पूछताछ करने कर जरूरत है।

न्यायाधीश ने यह कहा कि आरोपी आबकारी का नीति का उल्लंघन करके बनाए गए शराब निर्माताओं, शराब के थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं के गुट का हिस्सा था और वह शराब निर्माता होने के साथ ही वह अलग-अलग ऐसे लोगों/फर्मों के नाम पर थोक विक्रय के लिए एक लाइसेंस और खुदरा बिक्री के लिए दो लाइसेंस लेने में कामयाब रहा था, जिसपर उसका नियंत्रण था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)