देश की खबरें | दिल्ली चुनाव : आप प्रमुख केजरीवाल को हराकर प्रवेश वर्मा ने किया बड़ा उलटफेर

नयी दिल्ली, आठ फरवरी आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल को नयी दिल्ली सीट से हराकर भाजपा के प्रवेश वर्मा शनिवार को दिल्ली की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया।

वर्मा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कड़े मुकाबले में 4,089 मतों के अंतर से हराया। वर्मा को 30,088 वोट मिले, जबकि केजरीवाल को 25,999 और कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित को 4,568 वोट मिले।

पश्चिमी दिल्ली से दो बार सांसद रहे प्रवेश वर्मा ने भाजपा द्वारा उनकी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा से पहले ही नयी दिल्ली सीट पर जोरदार प्रचार अभियान शुरू कर दिया था।

मतदान से दो महीने पहले वर्मा ने यह सुनिश्चित किया कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र के हजारों घरों में जाकर अधिकतम मतदाताओं से संपर्क करें। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

‘आप’ ने कड़े मुकाबले की आशंका के चलते निर्वाचन क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को पूरे जोर-शोर से लगाया। वर्मा पर मतदाताओं को धन और अन्य उपहार देने का भी आरोप लगाया गया था।

अपने मुखर स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले प्रबंधन स्नातक वर्मा ने सार्वजनिक रूप से खुद को नयी दिल्ली सीट पर केजरीवाल का प्रतिद्वंद्वी घोषित कर दिया था, जिस पर 2013 से आप संयोजक का कब्जा था।

वर्मा की जीत केजरीवाल की विजय से अलग नहीं है, क्योंकि केजरीवाल ने 2013 में कांग्रेस उम्मीदवार एवं तीन बार मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित को हराया था।

सात नवंबर 1977 को दिल्ली में जन्मे वर्मा ने कम उम्र में ही राजनीति में कदम रख दिया था और 1991 में बाल स्वयंसेवक के तौर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ गए थे। बाद में वह भाजपा युवा मोर्चा में शामिल हो गए और इसकी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य बने और फिर दिल्ली प्रदेश भाजपा के महासचिव के तौर पर काम किया।

वर्मा 2013 के विधानसभा चुनावों में महरौली सीट से विधायक चुने गए थे। 2015 में उन्होंने पश्चिमी दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव जीता। वर्ष 2019 में उन्होंने फिर से पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और 4.78 लाख से ज्यादा मतों के अंतर से जीत हासिल की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)