देश की खबरें | रक्षा मंत्री बताएं कि क्या चीनी सैनिकों ने भारतीय इलाके पर कब्जा कर लिया है: राहुल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा उन पर निशाना साधे जाने को लेकर मंगलवार को पलटवार करते हुए सवाल किया कि क्या चीन के सैनिकों ने लद्दाख में भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है।
नयी दिल्ली, नौ जून कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा उन पर निशाना साधे जाने को लेकर मंगलवार को पलटवार करते हुए सवाल किया कि क्या चीन के सैनिकों ने लद्दाख में भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अगर रक्षा मंत्री का हाथ के निशान पर टिप्पणी करने का काम पूरा हो गया हो तो वह इसका जवाब दे सकते हैं कि क्या चीन के सैनिकों ने लद्दाख में भारतीय क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है?’’
यह भी पढ़े | प्रवासी मजदूरों पर SC का आदेश- 15 दिनों में भेजें घर: 9 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने मौजूदा समय में देश की रक्षा नीति को वैश्विक स्वीकृति मिलने संबंधी गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर सोमवार को उन पर शायराना अंदाज में निशाना साधा था।
इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए ट्वीट किया, ‘‘मिर्ज़ा ग़ालिब का ही शेर थोड़ा अलग अन्दाज़ में है। ‘हाथ’ में दर्द हो तो दवा कीजै, ‘हाथ’ ही जब दर्द हो तो क्या कीजै।’’
उल्लेखनीय है हाथ का पंजा कांग्रेस का चुनाव चिन्ह है।
राहुल गांधी ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर गतिरोध का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए सोमवार को ट्वीट किया था, ‘‘ सब को मालूम है ‘सीमा’ की हक़ीक़त, लेकिन दिल को ख़ुश रखने को ‘शाह-यद’ ये ख़्याल अच्छा है।’’
दरअसल, शाह ने बिहार में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से रविवार को की गई सभा में कहा था कि भारत की रक्षा नीति को वैश्विक स्वीकृति मिली है। अमेरिका और इज़राइल के बाद पूरी दुनिया इससे सहमत है कि यदि कोई अन्य देश अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है, तो वह भारत है।
राहुल गांधी एवं कांग्रेस भारत और चीन के बीच सीमा पर गतिरोध को लेकर पिछले कुछ हफ्ते में सरकार से कई बार सवाल कर चुके हैं। पिछले दिनों उन्होंने सवाल किया था कि क्या सरकार इस बात की पुष्टि कर सकती है कि चीन का कोई भी सैनिक भारतीय सीमा में दाखिल नहीं हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 09, 2020 12:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

