गुवाहाटी, 25 जुलाई असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने शनिवार को आरोप लगाया कि राजभवन को निषिद्ध क्षेत्र घोषित किए जाने के निर्णय को अकस्मात वापस लेना कोविड-19 की रोकथाम के नियमों का उल्लंघन है।
गोगोई ने एक वक्तव्य में यह भी दावा किया कि राज्यपाल ने भी राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नियमों का उल्लंघन किया है।
गोगोई ने कहा, “राज्यपाल राज्य का संवैधानिक मुखिया होता है और आम नागरिकों के लिए उदाहरण स्थापित करने की बजाय उन्होंने नियमों का उल्लंघन कर खुद असम के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।”
उन्होंने कहा कि 73 कर्मचारियों के कोरोना वायरस संक्रमित पाए जाने के बाद राजभवन को निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया गया था।
गोगोई ने कहा, “यदि राज्यपाल जैसा जिम्मेदार व्यक्ति और संवैधानिक प्रमुख नियमों का पालन नहीं करेगा तो हम आम जनता से कैसे उम्मीद कर सकते हैं।”
पूरे राजभवन को चार जुलाई को निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY