मणिपुर भूस्खलन हादसे में मरने वालों की संख्या 42 पर पहुंची, 20 अन्य लापता लोगों की तलाश जारी
मणिपुर के नोनी जिले में एक रेलवे निर्माण स्थल पर भूस्खलन के कारण जान गंवाने वाले आठ और लोगों के शव बरामद किये गए.
गुवाहाटी/इंफाल, तीन जुलाई: मणिपुर के नोनी जिले में एक रेलवे निर्माण स्थल पर भूस्खलन के कारण जान गंवाने वाले आठ और लोगों के शव बरामद किये गए, जिसके बाद इस हादसे में मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 42 हो गई जबकि 20 अन्य लापता लोगों के लिये तलाश अभियान जारी है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि टुपुल क्षेत्र में शनिवार से बारिश हो रही है और ताजा भूस्खलन से तलाश अभियान प्रभावित हुआ है. गुवाहाटी में रविवार को एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि अब तक मलबे से 42 शव बरामद किये गए हैं, जिसमें से 27 प्रादेशिक सेना के कर्मी और 15 आम लोगों के शव हैं. उन्होंने कहा, “प्रादेशिक सेना के तीन लापता कर्मियों और 17 अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास जारी है.”
सेना, असम राइफल्स, प्रादेशिक सेना, एसडीआरएफ और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल तलाश अभियान में जुटे हैं. प्रवक्ता ने कहा, “खराब मौसम के बावजूद तलाश अभियान जारी है. कल रात भारी बारिश हुई थी और भूस्खलन हुआ था.”
अब तक प्रादेशिक सेना के 13 कर्मियों और पांच आम लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है.
प्रवक्ता ने कहा कि प्रादेशिक सेना के सात कर्मियों के शव रविवार को उनके गृहनगर- पश्चिम बंगाल में बागडोगरा और कोलकाता तथा त्रिपुरा में अगरतला- भेज दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि इंफाल में उनके पार्थिव शरीरों को पूरा सैन्य सम्मान दिया गया.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2022 09:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

