देश की खबरें | नोएडा में युवक का शव बरामद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुलिस को नोएडा में सेक्टर 32 के नाले से शुक्रवार सुबह एक युवक का लहूलुहान शव मिला।
नोएडा (उप्र), 23 अक्टूबर पुलिस को नोएडा में सेक्टर 32 के नाले से शुक्रवार सुबह एक युवक का लहूलुहान शव मिला।
पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह थाना सेक्टर 24 पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 32 के नाले में एक युवक का शव पड़ा है।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मामले की जांच की, तो पता चला कि मृतक का नाम अशोक (19) है।
सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़े | गौतम बुद्ध नगर में वायु गुणवत्ता हुई और खराब.
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि अशोक बृहस्पतिवार रात अपने दो दोस्तों के साथ सेक्टर नौ से निठारी गांव गया था, लेकिन वह अपने घर नहीं पहुंचा और शुक्रवार सुबह उसका लहूलुहान शव सेक्टर 32 के नाले में मिला।
पुलिस को शक है कि अशोक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया। पुलिस उसके दोस्तों की तलाश कर रही है।
इस बीच, थाना सेक्टर 20 पुलिस ने लूटपाट एवं चोरी करने वाले एक गिरोह के दो बदमाशों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक बदमाश की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 20 पुलिस ने गश्त के दौरान सरफराज उर्फ भूरा तथा विश्वजीत को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि बदमाशों के पास से विभिन्न कंपनियों के चोरी किए गए और लूटे गए नौ लैपटॉप, एक मोबाइल फोन, 23 हजार रुपये नकद और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में स्थित कंपनियों एवं घरों में लूटपाट और चोरी की दर्जनों वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
सिंह ने बताया कि सरफराज की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
सं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)