एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिवस: मुख्यमंत्रियों ने रोजगार योजना की घोषणा की, ‘विकसित भारत’ को समर्थन देने का संकल्प लिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बृहस्पतिवार को स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस दौरान कई मुख्यमंत्रियों ने रोजगार संबंधी योजनाओं की घोषणा की, जबकि कुछ अन्य ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण के प्रति अपना समर्थन जताया।

देश की खबरें | दिवस: मुख्यमंत्रियों ने रोजगार योजना की घोषणा की, ‘विकसित भारत’ को समर्थन देने का संकल्प लिया

नयी दिल्ली, 15 अगस्त देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बृहस्पतिवार को स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस दौरान कई मुख्यमंत्रियों ने रोजगार संबंधी योजनाओं की घोषणा की, जबकि कुछ अन्य ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण के प्रति अपना समर्थन जताया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने गुवाहाटी में इस अवसर पर राज्य के भविष्य के बारे में चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हिंदुओं और मुसलमानों के बीच जनसंख्या संतुलन तेजी से घट रहा है।

शर्मा ने यह भी कहा कि असम में जनसांख्यिकी परिवर्तन के कारण स्थानीय लोग रक्षात्मक मोड में चले गए हैं, क्योंकि हम 12-13 जिलों में अल्पसंख्यक हो गये हैं।

ई मुख्यमंत्रियों ने स्वतंत्रता दिवस के भाषणों में रोजगार के मुद्दे का भी जिक्र किया।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने 2.5 लाख नौकरियों के सृजन की बात की, जबकि बिहार के उनके समकक्ष नीतीश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने अब अगले साल तक 12 लाख नौकरियां देने का नया लक्ष्य तय किया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी कहा कि उनकी सरकार जल्द ही 36,000 रिक्तियों को भरेगी।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर में कहा कि पाकिस्तान, जम्मू-कश्मीर में विदेशी आतंकवादियों को भेज रहा है, क्योंकि पड़ोसी देश आतंकवादियों की भर्ती में कमी और घाटी में लोकतंत्र में लोगों के बढ़ते विश्वास से हताश है।

सिन्हा ने बक्शी स्टेडियम में अपने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में कहा कि पिछले कुछ वर्षों में आतंकवाद में ‘भारी गिरावट’ आई है।

उपराज्यपाल ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में जम्मू क्षेत्र में कुछ आतंकवादी हमले हुए हैं, जिनमें कई सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों की जान चली गई।

उन्होंने कहा, “मैं उनके बलिदान को नमन करता हूं। हमें सुरक्षा बलों के साहस और देशभक्ति पर पूरा भरोसा है और उन्हें (आतंकवाद से निपटने के लिए) पूरी छूट दी गई है।”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कहा कि उत्तर प्रदेश ने खुद को ‘असीमित संभावनाओं’ वाले राज्य के रूप में स्थापित किया है और उनकी सरकार हर सामाजिक समूह के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास कर रही है।

उन्होंने राज्य में पूरे हो चुके और लंबित विभिन्न विकास कार्यों को भी सूचीबद्ध किया।

आदित्यनाथ ने कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार 2047 तक ‘विकसित भारत’ के प्रधानमंत्री के वादे को पूरा करने के लिए हर सामाजिक समूह, खासकर महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।”

दिल्ली के गृहमंत्री कैलाश गहलोत ने स्वतंत्रता दिवस पर छत्रसाल स्टेडियम में जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जगह राष्ट्रीय ध्वज फहराया और केजरीवाल को ‘आधुनिक स्वतंत्रता सेनानी’ करार दिया।

गहलोत ने कहा, “इस तिरंगे के नीचे खड़े होकर मैं गर्व से कह सकता हूं कि अरविंद केजरीवाल आधुनिक स्वतंत्रता सेनानी हैं, क्योंकि उन्होंने दिल्ली के लोगों के लिए काम करने की सजा जेल जाकर स्वीकार की, लेकिन लोकतंत्र-विरोधी ताकतों के सामने न तो झुके और न ही टूटे।”

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों से पर्यावरण प्रदूषण को रोकने और प्राकृतिक संसाधनों को संरक्षित करने के लिए एक अभियान शुरू करने का आह्वान किया।

मान ने कहा, “हमें अपने पर्यावरण की सुरक्षा के लिए एक जन आंदोलन शुरू करना होगा, ताकि इसे हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए बचाया जा सके।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि उनकी सरकार जल्द ही 36,000 रिक्त पदों को भरेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने योग्यता के आधार पर युवाओं को 1.44 लाख नौकरियां पहले ही प्रदान कर दी है।

सैनी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक और शैक्षिक विकास तथा उन्हें सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में कहा कि उन्होंने तब तक आराम नहीं करने की कसम खाई है, जब तक कि वह उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ और पूरी तरह से आत्मनिर्भर राज्य नहीं बना देते।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कई दीर्घकालिक, मध्यम और अल्पकालिक परिणामोन्मुखी योजनाओं पर काम कर रही है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में कहा कि राज्य की राजग सरकार ने अब अगले साल तक युवाओं को 12 लाख सरकारी नौकरियां देने का नया लक्ष्य तय किया है।

उन्होंने कहा, “पहले हमने अपने युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था...लेकिन अब हमारी सरकार ने 2025 के विधानसभा चुनावों से पहले 12 लाख सरकारी नौकरियां देने का नया लक्ष्य तय किया है।”

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस साल अक्टूबर तक 35,000 पदों पर भर्तियां पूरी कर ली जाएंगी।

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता राज्य के युवाओं को रोजगार से जोड़ना है।”

नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने स्वतंत्रता दिवस पर जनता को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार लंबे समय से चले आ रहे नगा राजनीतिक मुद्दे को सुलझाने में मदद करेगी।

रियो ने 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए नगा मुद्दे का जल्द समाधान खोजने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की निरंतरता फायदेमंद साबित हो सकती है।

रियो ने कहा, “हम जल्द समाधान तलाशने के लिए सभी हितधारकों के साथ बातचीत जारी रखेंगे।”

वहीं मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने शांति बहाल करने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि राज्य में 34 मान्यता प्राप्त जनजातियां हैं।

सिंह ने यहां प्रथम मणिपुर राइफल्स ग्राउंड में 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मौजूदा अशांति के लिए उन बाहरी तत्वों को जिम्मेदार ठहराया, जो राज्य को अस्थिर करना चाहते हैं।

सिंह ने राज्य में जारी संघर्ष पर एक बार फिर कहा कि मणिपुर सभी 34 मान्यता प्राप्त जनजातियों का है, जिनमें थाडू, हमार, सिमटे, मीतेई, तंगखुल, माओ, मरम, अनल और लामकांग शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “यह मणिपुर किसी एक समुदाय के लिए नहीं है। हम सभी को एकजुट और मजबूत भारत के लिए एक साथ खड़ा होना चाहिए।”

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोगों को कम कीमत पर जेनरिक और अन्य दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही ‘मुदालवर मरुंथगम’ (मुख्यमंत्री फार्मेसी) शुरू करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्रियों द्वारा तिरंगा फहराने की शुरुआत का जिक्र करते हुए स्टालिन ने कहा कि दिवंगत मुख्यमंत्री एम करुणानिधि ही थे, जिन्होंने 1974 में केंद्र से मुख्यमंत्रियों को स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार दिलाया था और यह राज्यों के लिए अधिक अधिकार हासिल करने के लिए एक तरह का स्वतंत्रता संग्राम भी था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लगातार चौथे वर्ष राष्ट्रीय ध्वज फहराने पर गर्व है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यहां रांची के मोरहाबादी मैदान में 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि इस साल अक्टूबर तक 35,000 पदों पर भर्तियां पूरी कर ली जाएंगी।

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता राज्य के युवाओं को रोजगार से जोड़ना है।”

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने अपने कार्यकाल में हजारों भर्तियां की हैं।

उन्होंने कहा, “झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से आबकारी सिपाही, सिपाही, सहायक प्रोफेसर और महिला पर्यवेक्षक सहित 35,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जो अक्टूबर 2024 तक पूरी हो जाएगी।”

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चन्नपटना में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। चन्नपटना में उपचुनाव होना है और शिवकुमार के इस कदम के राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे हैं।

कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख शिवकुमार न तो चन्नपटना का प्रतिनिधित्व करते हैं और न ही रामनगर जिले के प्रभारी मंत्री हैं। रामनगर जिले का नाम हाल ही में बेंगलुरु दक्षिण रखा गया है, जिसके अंतर्गत चन्नपटना तालुक आता है।

चन्नपटना में स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार भाग लेने वाले उपमुख्यमंत्री ने हाल के दिनों में उपचुनाव लड़ने के पर्याप्त संकेत दिए हैं।

शिवकुमार वर्तमान में पड़ोसी कनकपुरा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक वेब-आधारित एकीकृत भूमि रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली का उद्घाटन किया।

भूमि राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा विकसित इस प्रणाली का उद्देश्य भूमि रिकॉर्ड को अधिक कुशलतापूर्वक सुव्यवस्थित और प्रबंधित करना है।

तमांग ने पलजोर स्टेडियम में आयोजित राज्य-स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान तिरंगा फहराने के बाद कहा कि सिक्किम राज्य की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ मनाने के लिए राज्य सरकार ‘सुनाउलो सिक्किम, समृद्ध सिक्किम- समर्थ सिक्किम’ विषय के तहत एक वर्ष तक जारी रहने वाले समारोह का आयोजन करने की योजना बना रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 15, 2024 09:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).