देश की खबरें | चक्रवात बिपारजॉय: आईसीजी ने जैकअप रिग के 50 कर्मियों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया

नयी दिल्ली, 13 जून भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) ने गंभीर चक्रवात बिपारजॉय के संभावित आगमन से पहले एक एहतियाती कदम के तौर पर गुजरात में एक जैकप रिग के 50 कर्मियों को निकाल लिया है। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को दी गई।

रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘‘एक तेज और अच्छी तरह से समन्वित कार्रवाई में, भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) ने 13 जून को गुजरात के ओखा में एक एहतियाती उपाय के तौर पर 50 लोगों को निकाल लिया है।’’

हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय (डीजीएच) ने आईसीजी से 12 जून को ओखा से 25 समुद्री मील पश्चिम स्थित जैकप रिग ‘की सिंगापुर/01’ से 50 कर्मियों वाले दल को निकालने का अनुरोध किया था।

उसने कहा कि अनुरोध प्राप्त होने पर, आईसीजी ने खराब मौसम और समुद्र में ऊंची लहरों के बीच रिग पर सवार सभी 50 कर्मियों वाले दल की सुरक्षित निकासी के लिए अभियान शुरू किया।

बयान में कहा गया है, ‘‘आईसीजी पोत शूर को बचाव कार्यों के लिए तुरंत मोड़ा गया। इस बीच, आईसीजी हेलीकॉप्टर (सीजी 858) को भी अभियान के लिए राजकोट से ओखा के लिए तैनात किया गया था।’’

बयान में कहा गया, इस अभियान के तहत आईसीजी ने 12 जून की शाम तक 26 कर्मियों निकाल लिया था। बयान के अनुसार इसके बाद, अभियान मंगलवार को सुबह फिर से शुरू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप शेष 24 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बयान में कहा गया कि इसके साथ ही रिग के 50 सदस्यीय दल को सुरक्षित तट पर ले आया गया।

बयान में कहा गया, ‘‘अभियान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।’’

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार चक्रवात ‘बिपारजॉय’ से व्यापक क्षति होने की आशंका है और गुजरात के कच्छ, देवभूमि द्वारका और जामनगर जिले इससे सबसे अधिक प्रभावित हो सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)