साइ ने आईओए और एनएसएफ के लिये अपने स्टेडियम में सेवायें मुफ्त कीं
साइ ने पहले ही एनएसएफ और आईओए को स्थल के लिये किसी भी तरह का किराया देने में छूट दी हुई है।
नयी दिल्ली, सात मई भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने आईओए और राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) द्वारा आयोजित टूर्नामेंट के लिये अपने स्टेडियमों में सारी सेवायें मुफ्त करने का फैसला किया है, हालांकि इसमें खाना शामिल नहीं है।
साइ ने पहले ही एनएसएफ और आईओए को स्थल के लिये किसी भी तरह का किराया देने में छूट दी हुई है।
आयोजकों को केवल टूर्नामेंट के समय खाने और पीने के इंतजाम करने होंगे जबकि साइ बिजली, पानी, हाउसकीपिंग और होस्टल (जहां भी उपलब्ध हों) बिना कोई पैसा लिये भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) और एनएसफ को ये सुविधायें मुहैया करायेगा।
साइ के पांच मई को जारी किये गये आदेश के अनुसार, ‘‘ज्यादा से ज्यादा खेल प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने लिये राष्ट्रीय खेल महासंघों को भारतीय खेल प्राधिकरण के परिसर में किसी भी अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन के लिये खाने और पीने की चीजों को छोड़कर बिजली, पानी, होस्टल (उपलब्ध होने की स्थिति में) और अन्य सुविधाओं को मुफ्त देने का फैसला किया गया है। ’’
सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में साइ सुविधाओं में किराये को खत्म कर दिया था।
साइ सचिव रोहित भारद्वाज द्वारा हस्ताक्षर किये गये आदेश के अनुसार, ‘‘साइ की खेल सुविधायें 25 अक्टूबर 2019 को केंद्र सरकार द्वारा दिये गये आदेश के अनुसार आईओए और एनएसएफ द्वारा आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिये मुफ्त की गयी हैं। ’’
साइ अधिकारी ने पीटीआई- से कहा, ‘‘यह फैसला सभी एनएसएफ, आईओए और निजी पक्षों को देश में ज्यादा खेल टूर्नामेंट आयोजित करने को प्रोत्साहित करने के लिये किया गया है जो भारत को खेलों का देश बनाने के हमारे लक्ष्य को पूरा करने के लिये जरूरी होगा। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 02:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

