SRH vs CSK: मुस्ताफिजूर के बिना सीएसके का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से
फॉर्म में चल रहे तेज गेंदबाज मुस्ताफिजूर रहमान के बिना चेन्नई सुपर किंग्स शुक्रवार को आईपीएल के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से खेलेगी जो अपना दिन होने पर किसी भी आक्रमण की बखिया उधेड़ने में सक्षम है .
हैदराबाद, 4 अप्रैल : फॉर्म में चल रहे तेज गेंदबाज मुस्ताफिजूर रहमान के बिना चेन्नई सुपर किंग्स शुक्रवार को आईपीएल के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से खेलेगी जो अपना दिन होने पर किसी भी आक्रमण की बखिया उधेड़ने में सक्षम है . दिल्ली कैपिटल्स से पिछले मैच में पराजय झेलने के बाद चेन्नई टीम जीत की राह पर लौटने उतरेगी . इतने लंबे टूर्नामेंट में प्रदर्शन में उतार चढाव आना लाजमी है और चेन्नई के कप्तान रूतुराज गायकवाड़ ने पिछले मैच में मिली हार के बाद यही कहा था .
उन्हें और उनके सलामी जोड़ीदार रचिन रविंद्र को हालांकि घूमती गेंदों का सामना करने के लिये तैयार रहना होगा जिसमें वे दिल्ली के खिलाफ चूक गए थे . क्रिकेटप्रेमी महेंद्र सिंह धोनी को आठवें नंबर से ऊपर बल्लेबाजी करते देखना चाहते थे .उन्होंने पिछले मैच में अपना पुराना फिनिशिर फॉर्म दिखाते हुए 16 गेंद में 37 रन बनाये थे . वैसे उनके ऊपर आने की संभावना कम ही है क्योंकि वह शिवम दुबे और समीर रिजवी को फिनिशर की भूमिका निभाते देखना चाहते हैं . यह भी पढ़ें : Rohit Sharma Vacation: IPL 2024 की व्यस्तता के बीच छुट्टी मनाने पहुंचें रोहित शर्मा ने फॅमिली के साथ बिताया क्वालिटी टाइम, जेट-स्कीइंग का लिया मजा, देखें पोस्ट
गेंदबाजी में चेन्नई को संयोजन पर विचार करना होगा क्योंकि मुस्ताफिजूर अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप के लिये वीजा की प्रक्रिया पूरी करने बांग्लादेश लौट गए हैं . अभी तक मुस्ताफिजूर और मथीषा पथिराना की जोड़ी सीएसके के लिये अच्छा प्रदर्शन कर रही थी . मुस्ताफिजूर की जगह मुकेश चौधरी ले सकते हैं जबकि शार्दुल ठाकुर ने अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है . दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद को घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा . उसके बल्लेबाजों ने मुंबई के खिलाफ दूसरे मैच में आईपीएल के इतिहास का सर्वोच्च स्कोर बनाया था हालांकि सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल अभी तक प्रभावित नहीं कर सके हैं .
गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहली बार सनराइजर्स के बल्लेबाज नाकाम रहे . गेंदबाजी में जयदेव उनादकट, मयंक मार्कण्डेय और भुवनेश्वर कुमार महंगे साबित हुए हैं . भुवनेश्वर ने नयी गेंद से निराश किया है और तीन मैचों में तीन ही विकेट ले सके हैं .
क्प्तान पैट कमिंस ने आठ रन प्रति ओवर की दर से रन दिये हैं लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग चाहिये .
टीमें :
चेन्नई सुपर किंग्स : महेंद्र सिंह धोनी , मोईन अली, दीपक चाहर, तुषार देशपांडे, शिवम दुबे, रूतुराज गायकवाड़ (कप्तान) , अजय मंडल, मुकेश चौधरी, अजिंक्य रहाणे, शाइक रशीद, मिचेल सेंटनेर, सिमरजीत सिंह, निशांत सिंधू, प्रशांत सोलंकी, महीष तीक्षणा, रचिन रविंद्र , शार्दुल ठाकुर, डेरिल मिचेल, समीर रिजवी, मुस्ताफिजूर रहमान, अवनीश राव अरावेली .
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 04, 2024 01:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

