देश की खबरें | क्रूज जहाज मामला: फैशन मॉडल को एनसीबी के दिल्ली कार्यालय में साप्ताहिक हाजिरी लगाने की अनुमति मिली

मुंबई,24 नवंबर बंबई उच्च न्यायालय ने क्रूज जहाज मादक पदार्थ मामले में एक आरोपी एवं फैशन मॉडल मुनमुन धामेचा को स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के मुंबई कार्यालय के बजाय दिल्ली कार्यालय में अपनी साप्ताहिक हाजिरी लगाने की बुधवार को अनुमति दे दी।

धामेचा को उच्च न्यायालय ने 28 अक्टूबर को बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान, और अरबाज मर्चेंट के साथ जमानत दी थी।

जमानत देते हुए उच्च न्यायालय ने कुछ शर्तें भी निर्धारित की थी, जिनमें हर शुक्रवार को एनसीबी के मुंबई कार्यालय में सभी आरोपियों की अनिवार्य उपस्थिति शामिल थी। उन्हें मुंबई से बाहर जाने की स्थिति में जांच अधिकारी को यात्रा कार्यक्रम (जिसमें यात्रा का मार्ग एवं स्थल शामिल है) की जानकारी देने को भी कहा गया था।

मध्य प्रदेश की रहने वाली धामेचा ने काम के लिए दिल्ली में निवास करने के आधार पर इन दो शतों में संशोधन करने का अनुरोध किया था।

न्यायमूर्ति एन. डब्ल्यू. साम्ब्रे ने बुधवार को यह अनुरोधा स्वीकार कर लिया और धामेचा को हर शुक्रवार को दिल्ली एनसीबी कार्यालय में हाजिरी लगाने का निर्देश दिया।

पीठ ने धामेचा को अपना यात्रा कार्यक्रम दिल्ली एनसीबी कार्यालय को सौंपने और मुंबई एनसीबी को ईमेल के माध्यम से इसकी सूचना देने की अनुमति भी दे दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)