देश की खबरें | अनंतनाग में आतंकवादियों के हमले में सीआरपीएफ कर्मी शहीद, एक बच्चे की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहरा इलाके में आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के एक दल पर शुक्रवार को हमला किया जिसमें एक सीआरपीएफ कर्मी शहीद हो गया। आतंकवादियों की गोलीबारी में एक बच्चे की भी मौत हो गई।
श्रीनगर, 26 जून जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबेहरा इलाके में आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के एक दल पर शुक्रवार को हमला किया जिसमें एक सीआरपीएफ कर्मी शहीद हो गया। आतंकवादियों की गोलीबारी में एक बच्चे की भी मौत हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर जिले के बिजबेहरा इलाके में पादशाही बाग पुल के पास दोपहर करीब 12 बजे सीआरपीएफ की 90 बटालियन के सड़क सुरक्षा दल पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की।
उन्होंने बताया कि हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक कर्मी और आठ साल का एक बच्चा घायल हो गया था।
अधिकारी ने बताया कि दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ कर्मी की पहचान कॉन्स्टेबल शमल कुमार और बच्चे की पहचान निहान यावर के तौर पर हुई है, जो पड़ोसी जिले कुलगाम के यारीपारो इलाके का निवासी है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
इस बीच, नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने बच्चे की मौत की निंदा की।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ एक मासूम बच्चा कश्मीर में हिंसा का शिकार बन गया। आतंकवादियों द्वारा एक नृशंस ग्रेनेड हमले में उसकी मौत दुखद और निंदनीय है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)