कोविड-19 महामारी के बाद क्रिकेट पहले जैसा नहीं होगा: कैरी
कैरी को खाली स्टेडियम में खेलने के विचार से कोई परेशानी नहीं है और उनका मानना है कि इसी से आगे बढ़ा जा सकता है।
नयी दिल्ली, आठ मई आस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी का मानना है कि कोविड-19 महामारी के बाद क्रिकेट पहले जैसा नहीं होने वाला और खाली स्टेडियम में खेलना ‘खोखले अहसास’ की तरह होगा लेकिन वह इससे अपनाने को तैयार हैं।
कैरी को खाली स्टेडियम में खेलने के विचार से कोई परेशानी नहीं है और उनका मानना है कि इसी से आगे बढ़ा जा सकता है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी ने अपनी इंडियन प्रीमियर लीग टीम के साथ इंस्टाग्राम पर लाइव सत्र के दौरान कहा, ‘‘हम जैसा क्रिकेट खेलते थे, वह थोड़ा अलग होने वाला है। अभी हम टी20 विश्व कप और आईपीएल खेलना चाहते हैं, लेकिन दर्शकों के बिना कुछ भी कल्पना करना मुश्किल है। यह बहुत ही ‘खोखला अहसास’ है। ’’
इस बायें हाथ के खिलाड़ी ने कहा, ‘‘लेकिन मुझे लगता है कि खेल प्रेमियों को कम से कम टीवी पर तो कुछ लाइव क्रिकेट देखने का मौका मिलेगा और मैं भरोसा दिला सकता हूं कि यह बेहतरीन क्रिकेट होगा और प्रशंसक इसे पंसद करेंगे। ’’
कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के चलते क्रिकेट सहित सभी खेल गतिविधियां बंद हैं लेकिन कैरी इस ब्रेक का इस्तेमाल अपना कौशल निखारने में कर रहे हैं।
कैरी ने कहा, ‘‘मैं एक हफ्ते में तीन बार 10के दौड़ में जाने का लक्ष्य बनाये हूं, जिससे मुझे अपना फिटनेस स्तर बरकरार रखने में मदद मिलेगी। मैं अपने आंगन में गोल्फ बॉल से अभ्यास कर रहा हूं ताकि मेरे हाथ और आंख का तालमेल बना रहे। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 07:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

