सिंगापुर, 24 अगस्त सिंगापुर की सबसे बड़ी विदेशी कर्मचारियों की डॉरमेट्री में कोविड-19 के मामले एक बार फिर सामने आने के बाद करीब 4,800 कर्मचारियों को घर में रहने का नोटिस जारी किया गया है।
श्रमशक्ति मंत्रालय (एमओएम) के ‘सुनगेई तेंगहा लॉज डॉरमेट्री’ कोविड मुक्त घोषित करने से पहले यहां कोरोना वायरस के 2200 मामले सामने आए थे।
‘चैनल न्यूज एशिया’ की एक खबर के अनुसार रविवार को डॉरमेट्री में कोविड-19 के 58 नए मामले सामने आए, इससे एक दिन पहले ही यहां एक बार फिर मामले सामने आने शुरू हुए थे। इन सभी में कोविड-19 का कोई लक्षण नहीं था।
‘सुनगेई तेंगहा लॉज’ सिंगापुर की सबसे बड़ी डॉरमेट्री है, जिसमें करीब 16,000 कर्मचारी रहते हैं।
यह भी पढ़े | उत्तर कोरिया के तानाशाह Kim Jong-Un कोमा में या हुई मौत? बहन किम यो जोंग संभल सकती है सत्ता.
एमओएम, स्वास्थ्य मंत्रालय (एमओएच) और भवन एवं निर्माण प्राधिकरण (बीसीए) ने एक संयुक्त बयान में कहा कि एहतियाती तौर पर कर्मचारियों को घर में ही रहने का नोटिस जारी किया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि जिन लोगों को नोटिस जारी किया गया है, आने वाले कुछ दिनों में उनकी जांच की जाएगी।
उसने कहा कि संक्रमित पाए जाने पर कर्मचारियों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र या अस्पताल भेजा जाएगा। जांच में संक्रमित ना पाए जाने वाले लोगों को निश्चित समय तक संस्थानों में पृथक रखा जाएगा, ताकि वायरस को फैलने से रोका जा सके।
इससे पहले, एमओएम ने चार अगस्त को डॉरमेट्री को कोविड मुक्त घोषित कर दिया था।
सिंगापुर में अभी कोविड-19 के 56,353 मामले हैं। जनवरी से अब तक इस घातक वायरस से 27 लोगों की मौत हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY