पणजी, 12 जून भाजपा नेता उत्पल पर्रिकर ने गोवा में लोगों की सीरोलॉजी जांच कराए जाने की मांग की है ताकि कोरोना वायरस को लेकर राज्य में मौजूद डर को दूर किया जा सके।
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस प्रकार की जांच से गोवा में कोरोना वायरस संबंधी स्थिति की असल तस्वीर का पता लगाने में मदद मिलेगी।
उत्पल पर्रिकर ने ट्वीट किया, ‘‘आईसीएमआर के अनुसार विभिन्न जोन के 15 से 30 प्रतिशत लोगों में एंटीबॉडी विकसित हो गए हैं और वे स्वस्थ हो गए हैं, इसलिए मृत्युदर बहुत कम है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें गोवा में असल तस्वीर जानने और राज्य में अस्थायी एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) और स्थानीय निकायों के मनमाने फैसलों के कारण लोगों में मौजूद डर को दूर करने के लिए सीरोलॉजी जांच की आवश्यकता है।’’
राज्य को तीन मई को ग्रीन जोन घोषित किया गया था, लेकिन अब यहां कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। अब तक यहां संक्रमण के 400 से अधिक मामले सामने आए हैं।
सीरोलॉजी जांच में रक्त में एंटीबॉडी का पता लगाया जाता है और यह समुदाय की निगरानी के लिए की जाती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY