देश की खबरें | कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन पटरी से उतरी, मालगाड़ी टकराई, 70 लोगों की मौत

बालासोर/हावड़ा, दो जून ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार शाम को कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के बेपटरी होने और एक मालगाड़ी के टकराने से जुड़े रेल हादसे में कम से कम 70 लोगों की मौत हो गई जबकि लगभग 350 यात्री घायल हैं। अधिकारियों और चिकित्सकों ने यह जानकारी दी।

हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि मृतकों की संख्या 100 के करीब हो सकती है।

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि हावड़ा जा रही 12864 बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कई डिब्बे बाहानगा बाजार में पटरी से उतर गए और दूसरी पटरी पर जा गिरे।

उन्होंने कहा, ‘‘पटरी से उतरे ये डिब्बे 12841 शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस से टकरा गए और इसके डिब्बे भी पलट गए।’’

अधिकारी ने कहा कि कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद एक मालगाड़ी से टकरा गए, जिससे मालगाड़ी भी दुर्घटना की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि हादसा शाम को करीब सात बजे हुआ।

वहीं, रेलवे के प्रवक्ता अमिताभ शर्मा ने पीटीआई वीडियो सेवा से कहा कि पहले कोरोमंडल एक्सप्रेस पटरी उतरी और इसके 10-12 डिब्बे बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस की पटरी पर जा गिरे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेल हादसे पर दुख जताया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल 350 से अधिक लोगों को जिले के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य की राजधानी भुवनेश्वर समेत आसपास के जिलों के सभी निजी और सरकारी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।

अधिकारियों ने कहा कि पलटे हुए डिब्बों के नीचे से अभी तक 50 शवों को निकाला जा चुका है।

घटनास्थल पर मौजूद ‘पीटीआई-’ के एक संवाददाता ने बताया कि पटरी से उतरे डिब्बों में कई लोग फंस गए और स्थानीय लोग उन्हें बचाने के लिए आपातकालीन सेवा कर्मियों की मदद कर रहे थे, लेकिन अंधेरा होने की वजह से अभियान में दिक्कतें आईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)