बालासोर/हावड़ा, दो जून ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार शाम को
कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के बेपटरी होने और एक मालगाड़ी के टकराने से जुड़े त्रिपक्षीय रेल हादसे में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई जबकि लगभग 350 लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि हावड़ा जा रही 12864 बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कई डिब्बे बाहानगा बाजार में पटरी से उतर गए और दूसरी पटरी पर जा गिरे।
उन्होंने कहा, ‘‘पटरी से उतरे ये डिब्बे 12841 शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस से टकरा गए और इसके डिब्बे भी पलट गए।’’
अधिकारी ने कहा कि कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद एक मालगाड़ी से टकरा गए, जिससे मालगाड़ी भी दुर्घटना की चपेट में आ गई।
उन्होंने बताया कि हादसा शाम को करीब सात बजे, हावड़ा से करीब 255 किलोमीटर दूर बाहानगा बाजार स्टेशन पर हुआ।
ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त सत्यव्रत साहू ने कहा कि अब तक 47 लोगों को बालासोर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने कहा कि 132 घायलों को सोरो, गोपालपुर और खांटापाड़ा स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जबकि 47 लोगों को बालासोर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल पर मौजूद ‘पीटीआई-’ के एक रिपोर्टर ने बताया कि पटरी से उतरे डिब्बों में कई लोग फंस गए और स्थानीय लोग उन्हें बचाने के लिए आपातकालीन सेवा कर्मियों की मदद कर रहे थे, लेकिन अंधेरा होने की वजह से अभियान में दिक्कतें आईं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY