देश की खबरें | राम मंदिर के निर्माण से देश की एकता और आपसी सद्भाव में अभिवृद्धि होगी : लोकसभा अध्यक्ष
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि भगवान श्री राम भारत की सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं और राम मंदिर के निर्माण से देश की एकता और आपसी सद्भाव में अभिवृद्धि होगी।
नयी दिल्ली, 5 अगस्त लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि भगवान श्री राम भारत की सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं और राम मंदिर के निर्माण से देश की एकता और आपसी सद्भाव में अभिवृद्धि होगी।
उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के ऐतिहासिक भूमि पूजन के अवसर पर देश के लोगों को बधाई दी ।
लोकसभा अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा, " भगवान श्रीराम भारत की सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं। देश में प्रभु श्री राम के प्रति गहरी आस्था व निष्ठा है।"
बिरला ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने इस विषय पर सौहार्दपूर्ण निर्णय दिया। उसी निर्णय के प्रकाश में आज अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का शिलान्यास एक अद्भुत एवं ऐतिहासिक क्षण है।
उन्होंने कहा कि देश के नागरिक लंबे समय से इस मुहूर्त हेतु प्रतीक्षारत थे। मंदिर का निर्माण कार्य प्रारंभ होने के साथ ही देश में दिव्य एवं अलौकिक वातावरण का आभास हो रहा है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा "मंदिर के निर्माण में सभी धर्मों एवं वर्गों के लोगों का सहयोग प्राप्त होने का समाचार सुखद है। राम मंदिर के निर्माण से देश की एकता और आपसी सद्भाव में अभिवृद्धि होगी।"
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया और मंदिर की आधारशिला रखी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)