देश की खबरें | कांग्रेस ने आईयूएमएल के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है :माकपा ने लगाया आरोप

कोच्चि, 24 जनवरी चुनावी राज्य केरल में घर-घर प्रचार का अभियान शुरू करते हुए राज्य में सत्तारूढ़ माकपा ने रविवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के समक्ष आत्मसपर्मण कर दिया है।

कांग्रेस नीत यूडीएफ का आईयूएमएल एक मुख्य हिस्सा है।

माकपा के प्रदेश सचिव ए विजयराघवन ने त्रिशूर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘विपक्ष (केरल में) धार्मिक नफरत का प्रतिनिधित्व करता है। कांग्रेस ने मुस्लिम लीग के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। इस बात से लोगों को अवगत कराया जा रहा है। ’’

उन्होंने राज्य में पिछले पांच साल के दौरान एलडीएफ सरकार द्वारा शुरू किये गये कार्यक्रमों के बारे में लोगों के साथ चर्चा करने के अभियान में भाग लेने के बाद यह कहा।

माकपा ने कहा है कि 31 जनवरी को समाप्त हो रहे घर-घर प्रचार के उसके अभियान के दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की अवसरवादिता को बेनकाब किया है, जिसने राज्य में माकपा नीत गठबंधन एलडीएफ को निशाना बनाने के लिए जमात ए इस्लामी जैसे संगठनों को मित्र बनाया है।

वहीं, कांग्रेस ने माकपा पर पलटवार करते हुए कहा कि वाम दल के नेता इस तरह के बयान देकर भाजपा की राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं, जो राज्य में साम्प्रदायिक अभियान पर आधारित है।

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं विधायक वीडी सतीशन ने कहा, ‘‘भाजपा मुस्लिम विरोधी अभियान चला रही है। अब एलडीएफ भी इसी तरह के अभियान में शामिल हो गया है। माकपा और भाजपा, दोनों का इस चुनाव में एक जैसा ही एजेंडा है। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)