देश की खबरें | कांग्रेस ने माकपा समर्थित विधायक की विधानसभा से लगातार अनुपस्थिति पर सवाल उठाया

तिरूवनंतपुरम, छह अक्टूबर केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने बुधवार को नीलांबुर से विधायक पीवी अनवर की विधानसभा से लगातार अनुपस्थिति को लेकर सवाल उठाया और कहा कि बेहतर होगा कि वाम विधायक पद छोड़ दें।

अनवर ने सतीशन पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता को उन्हें नैतिकता पर व्याख्यान देने का कोई अधिकार नहीं है।

सतीशन विधानसभा मीडिया हॉल में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने सदन की कार्यवाही से लगातार अनुपस्थित रहने के लिए नियमों के अनुसार और संविधान के आधार पर अनवर के खिलाफ कार्यवाही शुरू करने की धमकी दी।

उन्होंने राज्य सरकार और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से अनवर की विधानसभा से लगातार अनुपस्थिति को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

अनवर ने सतीशन के आरोपों का जवाब देते हुए फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट में कहा, ‘उन्हें विधायक के रूप में अपनी जिम्मेदारी के बारे में सतीशन की सलाह की आवश्यकता नहीं है।’ हालांकि उन्होंने वीडियो में इसका जिक्र नहीं किया कि वह अभी कहां हैं।

अनवर 2016 से नीलांबुर क्षेत्र से विधायक हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)