देश की खबरें | कांग्रेस ने केरल में ‘काला दिवस’ मनाया, केपीसीसी अध्यक्ष सुधाकरन की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन

तिरुवनंतपुरम/कोच्चि, 24 जून केरल की कांग्रेस इकाई ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश प्रमुख के.सुधाकरन की धोखाधड़ी के मामले में की गई गिरफ्तारी के खिलाफ ‘काला दिवस’ मनाया।

कन्नूर के प्रभावी नेता और केरल कांग्रेस प्रदेश कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सुधाकरन को केरल पुलिस की अपराध शाखा ने शुक्रवार को धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था। उक्त मामले में पुरानी कलाकृतियों का व्यापारी मोनसन मावुंकल मुख्य आरोपी है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केरल के विभिन्न शहरों में प्रदर्शन किया जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन मुख्य तौर पर तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, कोझिकोड, मलाप्पुरम, कासरगोड और पथनामथिट्टा जिलों में हुआ।

महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने तिरुवनंतपुरम में राज्य सचिवालय की ओर मार्च किया, जबकि कोच्चि में आयोजित मार्च में भी सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को सुधाकरन से सात घंटे की पूछताछ के बाद अपराध शाखा द्वारा की गई गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने 24 जून को पूरे राज्य में ‘काला दिवस’ मनाने की घोषणा की थी। हालांकि, सुधाकरन को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।

जमानत पर रिहा होने के बाद सुधाकरन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘न्यायपालिका में मेरी अस्था है। मैं मामले का अदालत में सामना करूंगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)