देश की खबरें | कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन पर नगांव में हमला

गुवाहाटी, 20 फरवरी असम के नागांव जिले के रूपोहिहाट में बृहस्पतिवार को धुबरी से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य रकीबुल हुसैन और उनके निजी सुरक्षा अधिकारियों (पीएसओ) पर अज्ञात लोगों ने हमला किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने गए हुसैन पर लोगों के एक समूह ने क्रिकेट बल्लों से हमला किया, जिनके चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे।

पीएसओ ने सांसद को बचाने की कोशिश की, लेकिन उन पर भी हमला किया गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई और हुसैन को अस्पताल ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

हुसैन ने पिछले साल धुबरी लोकसभा सीट से रिकॉर्ड 10 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।

उनके बेटे ने समागुरी विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव लड़ा था, जिसका प्रतिनिधित्व हुसैन ने पांच बार किया था। वह भाजपा उम्मीदवार दीपू रंजन शर्मा से हार गए थे।

पिछले वर्ष नवंबर में उपचुनाव के दौरान इस निर्वाचन क्षेत्र तथा आस-पास के क्षेत्रों में हिंसा की कई घटनाएं देखी गयी थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)